पटनाः 12 साल की बेटी के सामने मिसेज बिहार की प्रतिभागी रही मॉडल को मारी गोली
पटना। बिहार की राजधानी पटना के राजीव नगर थाना क्षेत्र के रामनगरी बसंत कॉलोनी में मिसेज बिहार की प्रतिभागी रहीं आरती देवी उर्फ मोना राय को बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी। गोली उनके कमर में लगी है। जब मोना अपनी 12 साल की बेटी के साथ स्कूटी से घर पहुंचकर अंदर घुस रही थीं तभी बदमाशों ने गोली मार दी। घटना के बाद से पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है। मामले को लेकर राजीव नगर थानेदार सुमन कुमार ने प्रेम-प्रसंग में बदमाशों द्वारा महिला पर फायरिंग करने की आशंका जाहिर की है।

बता दें कि वारदात में गंभीर रूप से घायल मोना राय 2020 में मिसेज बिहार की प्रतिभागी रह चुकी हैं। मोना का इलाज राजीव नगर के ही एक निजी अस्पताल में चल रहा है। मंगलवार की देर रात को करीब 12 बजे वह स्कूटी से घर लौटी थीं। मोना ने बेटी को घर के अंदर किया और फिर जब स्कूटी अंदर कर रही थी। उसी दौरान बाइक से आए दो बदमाशों में से एक ने गोली मार दी।
अपनी आंखों के सामने बदमाशों द्वारा मां को गोली मारता देख वह चीखने लगी। गोली की आवाज सुन घर के अंदर से परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। आधी रात के बाद भी चंद मिनटों में वारदात स्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई। गंभीर हालत में जल्दी से महिला को पास के प्राइवेट हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया। अभी भी मोना की हालत चिंताजनक है।












Click it and Unblock the Notifications