Patna Metro Update: जू गेट से राजभवन मोड़ तक बेली रोड बंद, मेट्रो काम के चलते बदला रूट, देखें अपडेट
Patna Metro Update: पटना में मेट्रो परियोजना का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल बेली रोड पर नया ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया गया है। चिड़ियाघर गेट नंबर-1, विकास भवन और इनकम टैक्स गोलंबर के पास मेट्रो स्टेशन बनाने का काम शुरू होने से कई जगह यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है।
सबसे बड़ा बदलाव यह है कि राजभवन मोड़ से चिड़ियाघर गेट नंबर-1 तक दक्षिणी लेन को फिलहाल बंद कर दिया गया है। इसके कारण दोनों दिशाओं से आने-जाने वाले वाहनों को एक ही लेन से निकाला जा रहा है। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से तय किए गए नए रूट का पालन करने और भीड़ वाले समय में अतिरिक्त समय लेकर निकलने की अपील की है, ताकि सफर आसान बना रहे।

मेट्रो निर्माण के लिए बंद हुई बेली रोड की एक लेन
मेट्रो स्टेशन के निर्माण को देखते हुए राजभवन मोड़ से चिड़ियाघर गेट नंबर-1 तक बेली रोड की दक्षिणी लेन को बंद कर दिया गया है। इस हिस्से में करीब 200 से 300 मीटर तक घेराबंदी कर निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया है। फिलहाल दोनों दिशाओं के वाहनों की आवाजाही उत्तरी लेन से कराई जा रही है।
ये भी पढ़ें: 10 साल के लिए जेल जाएंगे तेज प्रताप यादव? NEET विवाद में बुरे फंसे, किन धाराओं में दर्ज हुआ केस?
इनकम टैक्स से सगुना मोड़ जाने वालों के लिए नया रास्ता
इनकम टैक्स गोलंबर से सगुना मोड़ की ओर जाने वाले वाहनों को अब राजभवन मोड़ के पास बने कट से दूसरी लेन में भेजा जा रहा है। इससे निर्माण स्थल के पास ट्रैफिक का दबाव कम करने की कोशिश की जा रही है।
सगुना मोड़ से इनकम टैक्स गोलंबर की ओर आने वाले वाहनों को पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास से राजवंशी नगर की ओर मोड़ दिया गया है। इसके बाद ये वाहन राजवंशी नगर और ललित भवन होते हुए दोबारा नेहरू पथ पर पहुंच रहे हैं।
ऑटो और ई-रिक्शा के लिए अलग व्यवस्था
ऑटो, ई-रिक्शा और अन्य व्यावसायिक छोटे वाहनों को पुनाईचक रोड के रास्ते आने-जाने की अनुमति दी गई है। इससे मुख्य सड़क पर भीड़ कम रखने की कोशिश की जा रही है।
नया ट्रैफिक प्लान लागू होने के पहले दिन सुबह और दोपहर के समय यातायात सामान्य रहा। लेकिन शाम के व्यस्त समय में राजवंशी नगर, ऑफिसर फ्लैट और पुनाईचक रोड पर वाहनों की संख्या बढ़ गई। कई जगह लंबा जाम देखने को मिला और इनकम टैक्स गोलंबर से सगुना मोड़ की ओर जाने वाले वाहनों की रफ्तार भी काफी धीमी रही।
ट्रैफिक संभालने के लिए अतिरिक्त टीम तैनात
ट्रैफिक प्रशासन के अनुसार, व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस के साथ पटना मेट्रो के 15 ट्रैफिक मार्शलों की भी तैनाती की गई है। ये मार्शल निर्माण स्थल और डायवर्जन वाले इलाकों में वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने में मदद कर रहे हैं।
अगले चरण में और बदलेंगे कई रूट
मेट्रो निर्माण के अगले चरण को देखते हुए प्रशासन ने आगे की तैयारी भी शुरू कर दी है। योजना के अनुसार व्यावसायिक वाहनों को वीरचंद पटेल पथ, आर ब्लॉक, मंदिरी नाला रोड, बांसघाट और पटना-दीघा मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
इसके अलावा डुमरा चौकी से एयरपोर्ट की ओर जाने वाले व्यावसायिक वाहनों का रूट भी बदला गया है। इन वाहनों की राजाबाजार फ्लाईओवर पर एंट्री रोक दी गई है। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि निर्माण कार्य की जरूरत के अनुसार आगे भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किए जा सकते हैं।
ये भी पढ़ें: 'आरती-वंदना का होटल में किया शोषण', खान सर पर रौशन आनंद का बड़ा खुलासा! दोनों थीं फैजल खान की स्टूडेंट


Click it and Unblock the Notifications
