पटना: ADM ने तिरंगे के साथ प्रदर्शन कर रहे युवक को बेरहमी से पीटा, तेजस्वी ने दिए जांच के आदेश
पटना, 22 अगस्त: बिहार की नई सरकार ने युवाओं को 10 लाख नौकरियां देने का वादा किया था, लेकिन CTET और BTET अभ्यर्थी उससे संतुष्ट नहीं हुए। इसके बाद सोमवार को उन्होंने राजधानी पटना में नीतीश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इस दौरान पटना ADM केके सिंह का बर्बर चेहरा सामने आया, जहां उन्होंने तिरंगा लेकर प्रदर्शन कर रहे एक अभ्यर्थी को बेरहमी से पीटा। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। साथ ही बीजेपी समेत अन्य विपक्षी दलों ने इस घटना को लेकर सरकार को घेरा है।
Recommended Video

दरअसल पटना में शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने सातवें चरण की नियुक्ति की मांग को लेकर डाक बंगला चौराहे पर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। पुलिस-प्रशासन ने शुरू में उनको समझाया, लेकिन अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी रहा। जिस पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस दौरान एडीएम केके सिंह भी मौजूद थे। कुछ ही देर में उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने एक प्रदर्शनकारी को पीटना शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारी मार खाकर जमीन पर गिर गया लेकिन बेरहम केके सिंह नहीं रुके। वो उसको डंडे से मारते रहे और लहूलुहान कर दिया। हैरानी की बात ये थी कि प्रदर्शनकारी के हाथ में तिरंगा था, उन्होंने उसका भी लिहाज नहीं किया। आरोप है कि उन्होंने एक मीडियाकर्मी को भी मारा है। घटना का वीडियो वायरल होते ही नीतीश सरकार विपक्ष के निशाने पर आ गई।
तेजस्वी ने डीएम को किया फोन
वहीं घटना की जानकारी मिलते ही तेजस्वी यादव ने पटना जिलाधिकारी से फोन पर बात की। जिस पर डीएम ने सेंट्रल एसपी और डीडीसी के नेतृत्व में जांच कमेटी का गठन किया। तेजस्वी ने डीएम से पूछा कि ADM ने अभ्यर्थियों पर स्वयं लाठीचार्ज क्यों किया, ऐसी क्या नौबत थी? अगर वो दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।









Click it and Unblock the Notifications