Opinion Poll: बिहार में किस पार्टी की बन रही सरकार? CM की रेस में कौन सा दिग्गज आगे? हैरान करने वाले नतीजे
Opinion Poll Bihar 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले एक नया ओपिनियन पोल सियासी तापमान बढ़ा रहा है। InkInsight द्वारा जारी इस सर्वे के मुताबिक, राज्य में एक बार फिर NDA की सरकार बनने की संभावना है। लेकिन दिलचस्प यह है कि मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे ज़्यादा लोग आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को पसंद कर रहे हैं।
NDA आगे, पर दिल तेजस्वी के साथ?
InkInsight के अनुसार, NDA को 48.9% और महागठबंधन को 35.8% वोट मिलने की संभावना है - यानी करीब 13.1% की बढ़त। बावजूद इसके, जब मुख्यमंत्री की पसंद पूछी गई, तो 38.3% लोगों ने तेजस्वी यादव का नाम लिया, जबकि नीतीश कुमार को 35.6% ने समर्थन दिया। यह विरोधाभास बिहार की राजनीति में एक बड़ा संकेत है। जनता नेतृत्व परिवर्तन चाहती है, लेकिन भरोसा अभी भी NDA की नीतियों पर है।

NDA को मिला महिलाओं और बुजुर्गों का खास समर्थन
सर्वे के आंकड़े बताते हैं कि महिलाएं NDA की बड़ी वोटबैंक बनकर उभरी हैं। 54.7% महिलाओं ने BJP-JDU गठबंधन को वोट देने की बात कही, जबकि पुरुषों में यह आंकड़ा 43.6% रहा। उम्र के पैमाने पर देखें तो 60 साल से ऊपर के लोगों में NDA की लोकप्रियता सबसे ज़्यादा (53%) रही। 18-29 साल के युवा वोटर भी 47.3% के साथ NDA की तरफ झुके दिखे।
मुद्दों की बात करें तो बेरोजगारी सबसे बड़ा संकट
बिहार की जनता के लिए सबसे बड़ा मुद्दा रोज़गार की कमी है। 51.2% ने बेरोजगारी, 45.7% ने महंगाई, 41% ने भ्रष्टाचार, 36.9% ने बिजली-पानी-सड़क, और सिर्फ 19.5% ने कानून व्यवस्था को सबसे अहम मुद्दा माना। यह आंकड़े दिखाते हैं कि जनता विकास से जुड़ी मूलभूत समस्याओं पर फोकस चाहती है।
जातिगत गणित में NDA को बढ़त
जातिगत आधार पर NDA और महागठबंधन की ताकत बंटी हुई है। महागठबंधन को यादव (56.9%), मुस्लिम (68.1%), अनुसूचित जनजाति (53.2%) का मजबूत समर्थन मिला है। वहीं NDA को कुर्मी (85.1%), सवर्ण हिंदू (79.4%), कुशवाहा (66.2%), दुसाध/पासी (59.2%), गैर-यादव OBC (57.3%) और अन्य SC समूह (52.6%) का भारी समर्थन प्राप्त है।
यह आंकड़े साफ करते हैं कि NDA का जातिगत आधार अत्यंत पिछड़ा वर्ग और फॉरवर्ड जातियों में मज़बूत है, जबकि महागठबंधन का भरोसा पारंपरिक MY (Muslim-Yadav) समीकरण पर है।
नेतृत्व को लेकर भ्रम, चेहरा कौन?
मुख्यमंत्री पद के लिए जनता की पसंद में तेजस्वी यादव शीर्ष पर हैं, लेकिन यह भी स्पष्ट नहीं कि जनता उन्हें सत्ता में लाने के लिए महागठबंधन को वोट देगी भी या नहीं। नीतीश कुमार को भी अब भी एक मज़बूत नेता के तौर पर देखा जा रहा है।
वहीं चिराग पासवान (4.6%) और प्रशांत किशोर (2.3%) जैसे विकल्पों को भी कमज़ोर समर्थन मिला। 12.3% जनता ने कहा कि वह BJP से किसी नए चेहरे को मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहती है, जो BJP के अंदर नेतृत्व परिवर्तन की मांग का संकेत हो सकता है।
InkInsight का यह ओपिनियन पोल बताता है कि बिहार की राजनीति दो हिस्सों में बंटी है, सत्ता का गणित NDA के पक्ष में है, लेकिन नेतृत्व की चाहत बदलाव की ओर इशारा कर रही है। 2025 के चुनाव में असली टक्कर इस बात की होगी कि क्या महागठबंधन अपने लोकप्रिय चेहरे को वोट में बदल पाएगा या NDA फिर से सियासी बाज़ी मार लेगा?












Click it and Unblock the Notifications