Nawada Row:नवादा में दबंगों का कहर, फूंक दिए दलितों के 80 घर, भारी पुलिस बल तैनात
Nawada News: बिहार के नवादा (Nawada) जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां दबंगों ने महादलित टोला पर फायरिंग करते हुए दलितों के लगभग 80 घरों में आग लगा दी। ऐसा बताया जा रहा है कि भूमि विवाद के चलते दबंगों ने इस घटना को अंजाम दिया।
फिलहाल, मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल पहुंच गया और वहां पर कैंप कर रहा है। यह घटना नवादा के मुफस्सिल थाना क्षेत्र की है। आजतक की खबर के मुताबिक, बुधवार की रात भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर बवाल हुआ।

इस दौरान मारपीट आगजनी और गोलीबारी हुई। इस झड़प के कारण जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के ननौरा के पास स्थित कृष्णा नगर दलित बस्ती में लगभग 80 घरों को आग के हवाले कर दिया गया। वहीं, इस घटना की सूचना मिलते ही आलाधिकारी मौके पर पहुंच गए।
मौके पर नवादा सदर अंचल के अधिकारी विकेश कुमार सिंह, मुफस्सिल थाने की पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। देर रात तक अधिकारी गांव में कैंप कर रहे हैं।
ऐसा बताया जा रहा है कि विवाद का मूल मुद्दा ज़मीन के एक बड़े हिस्से को लेकर है, जिस पर वर्तमान में दलित परिवार रहते हैं। इस जमीन पर कब्जा को लेकर दूसरे पक्ष से विवाद चल रहा है। मामले की सुनवाई वरिष्ठ अधिकारियों के पास चल रही है।
पीड़ितों के अनुसार, दबंगों ने अचानक हमला कर दिया और मारपीट के साथ उनके घरों में आग लगा दी गई। वहीं, आग लगने की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी तुरंत मौके पर पहुंच गई और आग बुझाने में जुट गई। इस बीच, नवादा एसडीपीओ सुनील कुमार ने कहा कि अभी तक किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। प्रथम दृष्टया मामला भूमि विवाद का लग रहा है।












Click it and Unblock the Notifications