Nawada Lok Sabha Seat: डॉ सहजानंद प्रसाद सिंह लड़ सकते हैं लोकसभा चुनाव, यह 2 पार्टी पहली प्राथमिकता
Lok Sabha Election Nawada: इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के नेशनल प्रेसिडेंट इलेक्ट डॉ सहजानंद प्रसाद सिंह नवादा लोकसभा से भारतीय जनता पार्टी के सिम्बल पर चुनाव लड़ना चाहते हैं। डॉ सहजानंद प्रसाद सिंह ने कहा कि नवादा संसदीय क्षेत्र की जनता का प्यार, आशीर्वाद और स्नेह सदा मेरे साथ रहा है।
मैंने भी कोशिश कि है उनके प्यार, सम्मान, आशीर्वाद और स्नेह को सेवा के रूप में उनको समर्पित करूं। अपने चिकित्सीय सेवा एवं समाज सेवा के दौरान पूरा नवादा संसदीय क्षेत्र अब मेरे घर की तरह प्रतीत होता है। चाहे बरबीघा की बात हो या वारसलीगंज की बात की जाए या हिसुआ, इन सभी सभी जगहों से मेरा खास लगाव रहा है।

डॉ सहजानंद प्रसाद सिंह ने अपने से पहले इस सीट पर देश के गृह मंत्री अमित शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भांति चुनाव लड़ने का आह्वान भी किया। उन्होंने कहा कि 2024 का चुनाव सिर पर है, पिछले 10 वर्षों में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने देश के विकास को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।
2024 लोकसभा चुनाव के तारीखों का एलान जल्द ही होने वाला है। हमारा एनडीए गठबंधन पूरी मुस्तैदी के साथ बिहार की 40 की 40 सीट जितने को आश्वस्त है। गृह मंत्री ने अपने पूर्व के संबोधन में भी बिहार से चुनाव लड़ने की इच्छा जाहिर की थी।
ऐसे में नवादा संसदीय क्षेत्र से बेहतर सीट कोई हो नहीं सकता, जिसका गौरवशाली इतिहास रहा है। जहां बिहार केसरी डॉ कृष्णा सिंह की जन्मस्थली बरबीघा के माऊर गांव में है। वहीं उनका ननिहाल हिसुआ के खनवां गांव में है। मुझे आशा ही नहीं विश्वास है कि आप यहां वोटों के सारे रिकॉर्ड को ध्वस्त करते एक नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे।
डॉ सहजानंद प्रसाद सिंह ने खुद को लेकर कहा कि प्रधानमंत्री को जब भी समाज एवं भारत के कल्याण के लिए कार्य करते देखता हूं तो सदैव उनसे एक प्रेरणा मिलती है। उनके साहस, धैर्य, समर्पण सदैव मुझे प्रेरित करते हैं।
मैं भी एक किसान परिवार में पला पढ़ा, व बरबीघा का मूल निवासी होने के नाते बरबीघा में ही रहकर प्रारंभिक शिक्षा से लेकर कॉलेज की पढ़ाई का सफर तय किया। गरीबी क्या होती है मुझसे बेहतर कोई नहीं समझ सकता है। मैं चिकित्सकीय सेवा में लगभग 43 वर्षों से कार्यरत हूं।
एक डॉक्टर के तौर पर मैंने कभी भी अपने कर्तव्यों के साथ नाइंसाफी नहीं की। मैं हमेशा ही मरीज और गरीबों की सेवा में लगा रहा। चिकित्सा मेरा पेशा नहीं एक शौक है, जो समाज सेवा के साथ में वर्ष 1981 से करता चला आ रहा हूं।
नवादा की जनता वर्षों से बार-बार मुझसे आग्रह कर यह प्रश्न पूछती है कि डॉक्टर साहब आप समाज सेवा में इतना सक्रिय हैं, तो नवादा संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व क्यों नहीं करते हैं? उनका साफ तौर पर कहना है कि घर का नेता घर का बेटा ही हो।
प्रधानमंत्री मोदी, भारतीय जनता पार्टी एवं एनडीए बिहार के तमाम घटक दल खासकर लोजपा (रामविलास) के मुखिया चिराग पासवान के प्रति मेरी गहरी आस्था और विश्वास है। इस वजह से मेरी प्रथम प्राथमिकता भाजपा और लोजपा (रामविलास) है।
मुझे विश्वास है कि मेरी योग्यता और मेरे त्याग, तपस्या का फल मुझे प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के साथ ही साथ प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी एवं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा के तरफ से आशीर्वाद के रूप में नवादा संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने की जिम्मेदारी देने की कृपा की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications