बिहारः नवादा में एक और युवक की मौत, मृतकों की संख्या पहुंची 10, परिजनों ने कहा- पी थी जहरीली शराब
नवादा। बिहार के नवादा जिले के नगर थाना क्षेत्र में अब तक 10 लोगों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़ंकप मचा हुआ है। वहीं मृतक के परिजनों ने पॉलिथीन वाली जहरीली शराब पीने से मौत की आशंका जताई है। लेकिन जिला प्रशासन और पुलिस शराब के चलते मौत से इनकार कर रही है। प्रशासन की तरफ से मौत की अलग-अलग वजह बताई जा रही है। अधिकारिक तौर पर अब तक सात लोगों की मौत की पुष्टि की गई है। वहीं नवादा में हुई दस लोगों की संदिग्ध मौत की जांच को लेकर एक उच्च स्तरीय कमेटी गठित की गई है।

वहीं इस घटना में एक व्यक्ति की आंख की रोशनी चली गई है। जबकि गोंदापुर के सात लोगों का पटना के कई निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। बीते मंगलवार की रात गोंदापुर में जहरीली शराब पीने से दो लोगों की मौत की चर्चा के बीच दोनों को सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए दोनों शव घर ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। रात में पुलिस ने घटना की पुष्टि नहीं की और मामले का खुलासा नहीं हो सका। वहीं सुबह में मौत की संख्या में बढ़ोत्तरी के बाद प्रशासन एक्शन मोड पर आया और अधिकारी मौके पर पहुंचे।
संदिग्ध मृतकों में गोंदापुर के गुल्लू यादव का बेटा रामदेव यादव, अजय यादव, शैलेन्द्र यादव उर्फ सूलो यादव तथा सूलो यादव का भांजा शामिल हैं। अन्य मृतकों में खरीदी बिगहा गांव का दिनेश सिंह उर्फ शक्ति, प्रभाकर गुप्ता, ओमप्रकाश उर्फ लोहा ठठेरा व सिसवां गांव के बमबम सिंह का बेटा गोपाल कुमार शामिल हैं।
मरने वालों में एक अन्य सोनू मिश्रा बुधौल का था। प्रभाकर गुप्ता अकबरपुर के पिथौरी गांव का मूल निवासी बताया जाता है, जबकि लोहा ठठेरा तीन नंबर बस स्टैंड का मूल निवासी बताया जाता है। खरीदी बिगहा गांव के चमारी चौधरी की आंखों की रौशनी चली गई।












Click it and Unblock the Notifications