Bihar: महिलाओं पर नीतीश कुमार के बयान से 'बवाल', NCW ने की आलोचना
Bihar CM Nitish Kumar: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विधानसभा में महिलाओं को लेकर दिए बयान पर बवाल मच गया है। सीएम नीतीश कुमार ने शिक्षा की भूमिका और जनसंख्या नियंत्रण में महिलाओं की भूमिका समझाने के लिए अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया, जिसके बाद बीजेपी लगातार सरकार पर हमलावर हैं। वहीं अब इस पूरे मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) की भी एंट्री हो गई है।
सीएम नीतीश कुमार के बयान की राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने कड़ी आलोचना की है। NCW अध्यक्ष ने कहा कि, "एनसीडब्ल्यू इस देश की प्रत्येक महिला की ओर से सीएम नीतीश कुमार से तत्काल और स्पष्ट माफी की मांग करती है। विधानसभा में उनकी अशोभनीय टिप्पणी अपमानजनक है।"

एनसीडब्ल्यू की अध्यक्ष ने कहा कि उस गरिमा और सम्मान के लिए जिसकी हर महिला हकदार है। उनके भाषण के दौरान इस्तेमाल की गई ऐसी अपमानजनक और घटिया भाषा हमारे समाज पर एक काला धब्बा है। अगर कोई नेता लोकतंत्र में इतनी खुलेआम ऐसी टिप्पणियां कर सकता है, तो कोई केवल कल्पना कर सकता है कि राज्य कितना भयावह होगा उनके नेतृत्व में। हम इस तरह के व्यवहार के खिलाफ मजबूती से खड़े हैं और जवाबदेही की मांग करते हैं।"
बीजेपी महिला विधायक ने की आलोचना
नीतीश कुमार के बयान पर भाजपा विधायक निक्की हेम्ब्रम ने कहा कि वे (नीतीश कुमार) जिस बात को कह रहे थे उसे और मर्यादित तरीके से कहा जा सकता था, लेकिन महिलाओं को लेकर वह असंवेदनशील हैं। महिलाओं के प्रति उनकी नजर में कोई सम्मान नहीं है।"
तेजस्वी यादव ने किया बचाव
इधर, जब डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव से सीएम नीतीश कुमार के बयान पर सवाल किया गया तो उप मुख्यमंत्री ने कहा, "अगर कोई इस बयान का गलत मतलब निकालता है तो ये गलत बात है। मुख्यमंत्री का बयान सेक्स एजुकेशन को लेकर था। जब भी सेक्स एजुकेशन की बात की जाती है तो लोग शर्माते हैं, झिझकते हैं, जिससे बचना चाहिए। इसकी पढ़ाई तो अब स्कूलों में होती है। उन्होंने कहा कि जनसंख्या वृद्धि को रोकने के लिए व्यावहारिक तौर पर क्या किया जाना चाहिए? इसे गलत तरीके से नहीं लिया जाना चाहिए। "












Click it and Unblock the Notifications