बिहार: मोतिहारी में खेल-खेल में पानी में डूबे 5 बच्चे, किशनगंज में तालाब में नहाने गई तीन महिलाओं की मौत
पटना। बिहार में मंगलवार को दो अलग-अलग घटनाओं में डूबने के चलते 5 बच्चों सहित 8 लोगों की मौत हो गई। पहली घटना मोतिहारी जिले के रामगढ़वा स्थित अहिरौलिया के दुबौलिया में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से 5 बच्चों की मौत हो गई। बच्चों के खेलने के दौरान यह दर्दनाक हादसा हुआ है। मृतकों में दो सगी बहनें भी शामिल हैं। मृतक बच्चों की उम्र 8 साल से 11 साल तक की है।

मृतकों में कृष्णा महतो की दो पुत्री चार वर्षीय सीमा कुमारी और 10 वर्षीय कौशल्या कुमारी, अवधेश महतो की इकलौती बेटी 12 वर्षीय सुगी कुमारी, रमेश महतो की 10 वर्षीय पुत्री संगीता कुमारी और बद्री महतो की पुत्री शोभा कुमारी (11 वर्ष ) के नाम शामिल हैं।
वहीं दूसरी घटना किशनगंज जिले के दिघलबैंक प्रखंड के मालटोली गांव में तालाब में नहाने के दौरान डूबने से 3 महिलाओं की मौत हो गई। मालटोली गांव के एक तालाब में महिला अनियंत्रित होकर गिर गई और डूबने लगी तभी वहां मौजूद दो महिलाओं ने उन्हें बचाने की कोशिश की पर वह सफल नहीं हो सकी। साथ ही तीनों महिलाएं डूब गईं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मंगलवार को दिघलबैंक प्रखंड के मालटोली गांव में एक तालाब में 3 महिलाएं नहाने गई थीं तभी यह हादसा हुआ।
एक साथ तीन महिलाओं को डूबते देख एक ग्रामीण ने शोर मचाया जिसके बाद ग्रामीणों की मदद से तालाब में खोजबीन शुरू की गई। घटना की सूचना मिलते ही अंचलाधिकारी अबुनसर भी मौके पर दलबल के साथ पहुंचे और खोजबीन शुरू की, जिसके बाद तीनों को स्थानीय लोगों की मदद से पानी से बाहर निकाला गया। इसके बाद आनन-फानन में सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दिघलबैंक ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। तीनों महिलाओं मालटोली गांव की रहने वाली थीं। एक साथ तीन महिलाओं की मौत से गांव मे मातम का माहौल है और मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications