ट्रैक्टर में भरकर ले जा रहे थे विदेशी शराब, रास्ता रोककर बिहार पुलिस ने पकड़ा, 1 हजार बोतलें जब्त
शेखपुरा। बिहार में शराब पर घोषित-बैन है, बावजूद इसके यहां शराब की तस्करी व शराब सेवन से मौतों की खबरें हमेशा आती रही हैं। आज शेखपुरा पुलिस ने नवादा से शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र होते हुए नालंदा जिला के सारे की ओर ट्रैक्टर में शराब भरकर ले जाते लोगों को पकड़ा है। उनसे पुलिस को विदेशी शराब की 1 हजार से ज्यादा बोतलें मिली हैं।

पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा ने बताया कि, मौके से कुल 344.750 लीटर शराब बरामद हुई। पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय ने कहा, ''हमें 3 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि शराब कारोबारी नवादा से शेखोपुरसराय थाना क्षेत्र होते हुए नालंदा जिला के सारे की ओर ट्रैक्टर पर कई काटून शराब लोड कर ले जा रहे हैं। जिसके बाद शेखोपुरसराय थाना की पुलिस के द्वारा सूचना के सत्यापन आदि के साथ कार्रवाई करते हुए नेपुरा-सारे सड़क पर में चेकिंग शुरू कर दी गई। उसी दौरान पॉलिटेक्निक कॉलेज खुड़िया के निकट एक महिन्द्रा ट्रैक्टर को जब चेक किया गया, तो उसमें शराब मिली।'
पुलिस अधीक्षक बोले, "यह हमें एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। हमारी टीम ने ट्रैक्टर-ट्रॉली पर लदी विदेशी शराब के क्वॉटर बरामद किए हैं। जो शराब मिली है वो रॉयल चॅलेंज कम्पनी एवं मेकडॉवल कम्पनी का ब्रांड है। बरामद की गई बोतलें 1072 हैं। हमने शराब लेकर जा रहे ट्रैक्टर चालक नवादा जिला अंतर्गत वारसलीगंज थाना क्षेत्र के मंचनपुरी अपसढ़ गांव निवासी जितेन्द्र रविदास को भी गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में शेखोपुरसराय थाना बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के अन्तर्गत कार्रवाई की जा रही है।"
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि, हमारी तरफ से मद्य निषेध के सफल क्रियान्वयन के दिशा में लगातार प्रतिबंधित अवैध शराब के कारोबार में लिप्त व्यक्तियों की गिरफ्तारी और अवैध-शराब की बरामदगी आदि को लेकर छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications