Mokama Murder Case: जनसुराज समर्थक की हत्या केस में जेडीयू उम्मीदवार अनंत सिंह को पुलिस ने किया अरेस्ट
Mokama Murder Case:मोकामा में जन सुराज समर्थक दुलारचंद यादव की हत्या के मामले में जेडी(यू) उम्मीदवार अनंत सिंह को पटना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना चुनाव प्रचार के दौरान हुई थी। पटना पुलिस ने शनिवार, 2 नवंबर 2025 को इस गिरफ्तारी की पुष्टि की।का
पटना एसएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अनंत सिंह के बाढ़ स्थित करगिल मार्केट आवास पर छापा मारा और उन्हें हिरासत में ले लिया। पूछताछ के लिए उन्हें पटना लाया जा रहा है। दुलारचंद यादव की मौत फेफड़े फटने और कई पसली टूटने के कारण हुई थी, जबकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गोली लगने की बात नहीं कही गई।

गिरफ्तारी के बाद पटना एसएसपी और डीएम ने एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि अनंत सिंह के साथ उनके दो सहयोगी, मणिकांत ठाकुर और एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। एसएसपी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह घटना दो प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवारों के समर्थकों के बीच झड़प का परिणाम थी।
पुलिस के मुताबिक, घटना के वक्त अनंत सिंह अपने सहयोगियों के साथ मौके पर मौजूद थे। दोनों पक्षों ने एफआईआर दर्ज कराई थी। जन सुराज पार्टी के मोकामा उम्मीदवार पीयूष प्रियदर्शी ने अनंत सिंह की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, "यह एक अच्छा कदम है, लेकिन अगर यह कार्रवाई पहले की जाती तो बेहतर होता।"
प्रियदर्शी ने सवाल उठाया कि जब अनंत सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज थी, तब भी उन्हें चुनाव प्रचार करने की अनुमति क्यों दी गई। उन्होंने कहा, "देर आए दुरुस्त आए। अब महत्वपूर्ण यह है कि पुलिस पूरे मामले की जांच कैसे करती है। यह दुलारचंद यादव के परिवार के लिए राहत की बात है।"
इस घटना के संबंध में कुल तीन एफआईआर दर्ज की गई थीं। एक एफआईआर यादव के पोते ने अनंत सिंह और चार अन्य के खिलाफ दर्ज कराई थी। दूसरी प्रतिद्वंद्वी गुट ने और तीसरी पुलिस ने अपनी जांच के आधार पर दर्ज की थी। अनंत सिंह ने इन आरोपों को साजिश करार देते हुए पूर्व सांसद सूरजभान सिंह पर आरोप लगाया।
अनंत सिंह ने दावा किया, "हम लोगों से मिल रहे थे और वोट मांग रहे थे, तभी दूसरे उम्मीदवार के समर्थकों ने नारे लगाना शुरू कर दिया। मैंने अपने समर्थकों को जवाब न देने को कहा और हम आगे बढ़ गए। सूरजभान के लोगों ने हमारे वाहनों पर हमला किया। दुलारचंद ने सबसे पहले हाथ उठाया। यह पूरा खेल सूरजभान सिंह खेल रहे हैं।"
इस बीच, चुनाव आयोग ने घटना पर जिला चुनाव अधिकारी से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। शुक्रवार को पटना के जिलाधिकारी और एसएसपी ने मोकामा और बाढ़ क्षेत्रों का दौरा कर उम्मीदवारों और उनके प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा बैठक की। अधिकारियों को चुनाव अवधि के दौरान आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।












Click it and Unblock the Notifications