तल्ख तेवर के साथ नजर आए मुकेश सहनी, कहा- सन ऑफ मल्लाह हूं, कोई भी मेरी पार्टी नहीं तोड़ सकता
पटना। बीते बुधवार को विकासशील इंसान पार्टी ( वीआईपी ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पशुपालन मंत्री मुकेश सहनी के तेवर काफी तल्ख नजर आए। विधानसभा के बाहर पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि किसी के पास हैसियत है तो मेरे पार्टी को सामने से आकर तोड़कर दिखाए। उन्होंने धमकी भरे अंदाज में कहा कि कुछ लोग पर्दे के पीछे से काम कर रहे हैं। उन्हें यही कहूंगा कि सामने आकर काम कीजिए नहीं तो पर्दे में आग लगा दूंगा। क्योंकि मैं सन ऑफ मल्लाह हूं।

हालांकि इस दौरान मुकेश सहनी ने पार्टी तोड़ने की कोशिश करने वालों में से किसी का नाम नहीं लिया। उन्होंने सिर्फ इशारा करते हुए कहा कि कुछ लोग हमारी पार्टी को तोड़ने की कोशिश में हैं। दुनिया का कोई भी व्यक्ति उनकी पार्टी को नहीं तोड़ सकता है। मंत्री मुकेश सहनी ने कहा कि पार्टी में पूरी तरह से स्वतंत्रता है। हर सदस्य अपनी बात रखता है। यहां विधायकों को पूरी आजादी है। वे कही नहीं जाने वाले हैं। हम लोग मजबूती से बंधे हुए हैं।
बता दें कि फूलन देवी की मूर्ति प्रकरण के बाद मुकेश सहनी नाराज चल रहे हैं। यही वजह है कि मंत्री सहनी ने सोमवार को NDA की बैठक का बहिष्कार कर दिया था। CM नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुई बैठक में उनको छोड़कर बाकी सभी सहयोगी पार्टियों के नेता मौजूद रहे थे। सहनी विधानसभा के पीछे की गेट से बाहर निकल गए थे।












Click it and Unblock the Notifications