बिहारः चंपारण में तोड़ी गई महात्मा गांधी की मूर्ति, चरखे को भी पहुंचाया नुकसान
मोतिहारी। बिहार के मोतिहारी जिले के पूर्वी चंपारण में कुछ असामाजिक तत्वों ने महात्मा गांधी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। बता दें कि नगर थाना से करीब 200 मीटर दूर स्थित चरखा पार्क में गांधी जी की प्रतिमा लगी हुई थी। लेकिन उनकी प्रतिमा और चरखे को क्षतिग्रस्त कर दिया। वहीं घटना को लेकर स्थानीय लोगों में काफी आक्रोश है। बीते सोमवार को जब असामाजिक तत्वों के दुस्साहस की सूचना स्थानीय प्रशासन को मिली तो अफरातफरी मच गई।

मोतिहारी के डीएम शीर्षत कपिल अशोक, एसपी डां कुमार आशीष और एसडीएम मौके पर पहुंचे। मामले में आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने का आदेश दिया गया है। पुलिस के अनुसार, चरखा पार्क में महात्मा गांधी के चंपारण सत्याग्रह की शताब्दी को चिह्नित करने के लिए स्थापित की गई प्रतिमा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई थी।
पूर्वी चंपारण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ कुमार आशीष ने कहा, "हमने पहले ही इस कृत्य में शामिल एक व्यक्ति की पहचान कर ली है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।" उन्होंने कहा, "मामले में आगे की जांच जारी है।" पुलिस ने आईपीसी की धारा 295 और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
सभी राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने घटना की निंदा की। जिला प्रशासन ने संबंधित एजेंसी को महात्मा गांधी की प्रतिमा का जीर्णोद्धार कराने का निर्देश दिया है। पूर्वी चंपारण के जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) शिरसत कपिल अशोक ने कहा, "शीघ्र ही एक नई प्रतिमा स्थापित की जाएगी।" दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि भाजपा सांसद और पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री राधामोहन सिंह ने चरखा पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा लगवाई थी।












Click it and Unblock the Notifications