महागठबंधन में होगा मुस्लिम डिप्टी सीएम? तेजस्वी यादव का बड़ा इशारा, कांग्रेस प्रभारी ने भी कर दिया कन्फर्म!
Bihar Election 2025 (Tejashwi Yadav): बिहार चुनाव 2025 में सियासी पारा अब अपने चरम पर है। मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित होने के बाद अब चर्चा उपमुख्यमंत्री की कुर्सी पर किसे जगह मिलेगी, इस पर है। महागठबंधन ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का चेहरा और वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी को डिप्टी सीएम फेस बना दिया है। लेकिन अब सवाल उठ रहे हैं क्या 17 फीसदी मुस्लिम आबादी वाले बिहार में महागठबंधन एक मुस्लिम चेहरे को डिप्टी सीएम नहीं बनाएगा? इस सवाल पर खुद तेजस्वी यादव और कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारु के बयान ने सस्पेंस और बढ़ा दिया है।
तेजस्वी यादव का बड़ा बयान, "मुस्लिम डिप्टी सीएम की संभावना से इनकार नहीं"
तेजस्वी यादव ने मिंट को दिए इंटरव्यू में इस सवाल का जवाब बहुत सोच-समझकर दिया। उन्होंने कहा, "अशोक गहलोत जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहले ही साफ किया था कि गठबंधन में और भी उपमुख्यमंत्री होंगे। मैं यह नहीं कह रहा कि मुस्लिम चेहरा नहीं होगा, बल्कि यह भी संभव है। इंतजार करिए, समय आने पर सब साफ हो जाएगा।"

तेजस्वी ने यह भी कहा कि बीजेपी को पिछड़े वर्ग के प्रतिनिधि को उपमुख्यमंत्री बनते देख तकलीफ होती है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी का आईटी सेल हमें इसलिए ट्रोल कर रहा है क्योंकि हमने उस समुदाय का नाम नहीं लिया, जिसे वो "घुसपैठिया" कहते हैं।
"फ्रेंडली फाइट" पर तेजस्वी का जवाब, "243 सीटों में कुछ सीटों पर दोस्ताना मुकाबला कोई मुद्दा नहीं"
कई सीटों पर महागठबंधन के घटक दलों के बीच 'फ्रेंडली फाइट' की खबरों पर भी तेजस्वी ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि बिहार में 243 सीटें हैं, और अगर 4-5 सीटों पर दोस्ताना मुकाबला होता है, तो इससे कोई फर्क नहीं पड़ता।
उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि "इंडिया ब्लॉक ने जम्मू-कश्मीर और झारखंड में भी ऐसा किया था और वहां भी हम चुनाव जीते। यह कोई विवाद का विषय नहीं है, बल्कि रणनीति का हिस्सा है।"
टिकट बंटवारे पर बोले तेजस्वी, "हर दल चाहता है ज्यादा सीट, पर गठबंधन ऐसे ही चलता है"
तेजस्वी ने गठबंधन के भीतर टिकट बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर भी खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि गठबंधन राजनीति में हर दल अपनी उपस्थिति मजबूत करना चाहता है, यह स्वाभाविक है। लेकिन गठबंधन का असली मकसद जीतने योग्य उम्मीदवार और सामाजिक संतुलन पर ध्यान देना होता है। उन्होंने कहा, "हमारा गठबंधन पुराना और मजबूत है। हम चुनाव-पूर्व गठबंधन का हिस्सा हैं, इसलिए किसी भी तरह की अफवाहों से फर्क नहीं पड़ता।"
कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारु का बयान, "मुस्लिम डिप्टी सीएम भी होगा, कांग्रेस का भी प्रतिनिधित्व तय"
तेजस्वी के बयान के बाद अब कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारु ने भी इस पर मोहर लगा दी है। उन्होंने एक यूट्यूब इंटरव्यू में कहा कि महागठबंधन में सिर्फ एक नहीं, बल्कि कई डिप्टी सीएम होंगे।
उनके मुताबिक, "महागठबंधन में कांग्रेस का भी एक उपमुख्यमंत्री होगा, और एक मुस्लिम चेहरा भी डिप्टी सीएम बनेगा। ये महागठबंधन की सामाजिक न्याय की नीति का हिस्सा है। कौन होगा, कहां से होगा, ये चुनाव के बाद तय किया जाएगा।" अल्लावारु ने साफ किया कि महागठबंधन की सोच हर समुदाय को बराबरी का प्रतिनिधित्व देने की है, चाहे वो धर्म के आधार पर हो या जाति के।
"सीएम फेस की घोषणा में कोई देरी नहीं हुई"-कांग्रेस ने दी सफाई
महागठबंधन में सीएम फेस की घोषणा में हुई देरी के सवाल पर भी अल्लावारु ने जवाब दिया। उन्होंने कहा कि घोषणा पहले से तय थी और इसे दिवाली से पहले करना पहले से योजना में शामिल था। उन्होंने कहा, "पहली बैठक में ही तय हो गया था कि सीट शेयरिंग और घोषणा पत्र के बाद ही सीएम फेस का नाम घोषित किया जाएगा। यह सब सुनियोजित तरीके से हुआ है, इसमें कोई देरी नहीं है।"
सीट बंटवारे पर "तनाव नहीं, तालमेल" का दावा
राजद और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर चल रही तनातनी को लेकर भी कांग्रेस प्रभारी ने सफाई दी। उन्होंने कहा कि "जब सीट शेयरिंग होती है, तो मतभेद आना स्वाभाविक है। लेकिन इसका मतलब रिश्ते बिगड़ना नहीं होता। मीडिया कई बार इसे जरूरत से ज्यादा हाइप कर देती है। हमारे बीच कोई नाराजगी नहीं है, सिर्फ कुछ गलतफहमियां थीं जो दूर हो गई हैं।"
तेजस्वी यादव और कृष्णा अल्लावारु के बयानों से इतना तो तय है कि महागठबंधन एक मुस्लिम उपमुख्यमंत्री की संभावना खुली रखे हुए है। चुनाव के नतीजे आने के बाद कौन सा चेहरा डिप्टी सीएम बनेगा, यह देखना दिलचस्प होगा। लेकिन एक बात तय है-बिहार की सियासत में इस मुद्दे ने नया मोड़ जरूर दे दिया है।












Click it and Unblock the Notifications