Loksabha Election 2024: ‘केजरीवाल बनाम कांग्रेस’ की सियासत का क्या रुख़ मोड़ पाएंगे CM Nitish?
Loksabha Election 2024: मुंबई में होने वाली महागठबंधन (INDIA) की तीसरी बैठक से पहले केजरीवाल बनाम कांग्रेस की सियासत पर चर्चा तेज़ हो चुकी है। बैठक से पहले कांग्रेस और आप के मतभेद को दूर करने के लिए सीएम नीतीश कुमार पहल कर रहे हैं।
31 अगस्त और 1 सितंबर को होने वाली बैठक में विपक्षी पार्टियों के बीच मतभेद नहीं रहे, इसलिए महागठबंधन की बैठक से पहले सीएम नीतीश की मुलाक़ात अहम मानी जा रही है। सियासी गलियारों में यह चर्चा तेज़ है कि पंजाब में कांग्रेस नेता के दिए बयान से सियासी समीकरण बिगड़ सकता है।

आपको बता दें कि पंजाब कांग्रेस के दिग्गज नेता प्रताप सिंह बाजवा ने कहा कि पंजाब में कांग्रेस पार्टी आम आदमी पार्टी के साथ किसी प्रकार का गठबंधन नहीं कर रही है। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के बयान से भी सियासी पारा चढ़ा हुआ है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश में सार्वजनिक मुद्दे पर सत्तारूढ़ दल के ख़िलाफ़ कांग्रेस की लड़ाई जारी रहेगी। हम उनका चेहरा देखने के लिए भी तैयार नहीं।
कांग्रेस और आम आदमी पार्टी INDIA गठबंधन की सहयोगी पार्टियां हैं, इसके बावजूद पंजाब में कांग्रेस और आप के बीच सियासी जंग जारी है। वहीं आम आदमी पार्टी चाहती है कि कांग्रेस पंजाब और दिल्ली में चुनाव नहीं लड़े, अगर वह यह प्रदेश में चुनावी ताल नहीं ठोकेगी तो AAP भी राजस्थान और मध्य प्रदेश के चुनावी रण से खुद को दूर रखेगी।
कांग्रेस आलाकमान का मानना है कि अगर मध्यप्रदेश और राजस्थान में आम आदमी पार्टी चुनावी बिगुल फूंकती है तो 'कांग्रेस और आप' दोनों एक दूसरे का वोट ख़राब करेंगे। ऐसे में एक साथ आने का कोई मतलब का क्या मतलब रह जाएगा। वहीं AAP के मंत्री सौरभ ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि कांग्रेस में नेतृत्व की दिक्कत के साथ ही आइडिया की भी कमी है। कांग्रेस को यह तक नहीं पता की जनता क्या चाहती है।
ग़ौरतलब है कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ विपक्षी दलों को एकजुट करने की पहल की। इसलिए उनके लिए यह सबसे ज़रूरी बात है कि सभी दलों के बीच मतभेद को ख़त्म कर अपनी मुहिम की काम रणनीति बनाएं। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के मतभेद से INDIA गठबंधन पर खासा असर पड़ सकता हैं। 'कांग्रेस बनाम आप' की नाराज़गी को सीएम नीतीश कुमार क्या रंग दे पाते हैं, इस पर अभी संशय बरकरार है।












Click it and Unblock the Notifications