बिहार चुनाव: लालू के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने हसनपुर सीट से पर्चा भरा, काफिले संग भारी भीड़ जुटी
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में हिस्सा लेने के लिए लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने हसनपुर विधानसभा सीट से पर्चा भर दिया है। तेज प्रताप यादव मंगलवार को समस्तीपुर के निकट रोसेरा पहुंचे। जहां से उन्होंने अपना पर्चा चुनाव आयोग के दफ्तर में भरा। इस दौरान छोटा भाई तेजस्वी यादव भी मौजूद था। उन दोनों के अलावा कारों का काफिला भी साथ में चल रहा था। लोगों की भारी भीड़ उनके आसपास एकत्रित हो गई। काफी लोगों ने मास्क नहीं पहना हुआ था। सोशल डिस्टेंसिंग फॉलो नहीं की गई।

तेज प्रताप यादव हेलीकॉप्टर से आज ही हसनपुर आए थे। बाद में उनकी कारों का काफिला साथ हो लिया। बताया जा रहा है कि, आगामी चुनाव के दौरान हसनपुर में तेजप्रताप का मुकाबला सिटिंग विधायक राजकुमार राय से होगा। तेज प्रताप के छोटे भाई एवं महागठबंधन के नेता तेजस्वी यादव मंगलवार को खुद भी समस्तीपुर के हसनपुर में आए। यहीं से वह अपनी पहली रैली संबोधित करेंगे। आज वह बड़े भाई तेजप्रताप यादव के नामांकन में शामिल हुए हैं।

तेजप्रताप इससे पहले वर्ष 2015 का चुनाव महुआ से लड़े थे। वहीं, तेजस्वी राघोपुर सीट से। तेजप्रताप ने अपना विधानसभा क्षेत्र बदल दिया, जबकि तेजस्वी राघोपुर से ही चुनाव लड़ रहे हैं। राघोपुर में तेजस्वी के सामने भाजपा के सतीश कुमार होंगे। जिन्होंने 2010 में इसी सीट पर राबड़ी देवी को हराया था। राबड़ी देवी लालू यादव की पत्नी हैं और तेजप्रताप यादव और तेजस्वी की मां हैं।

हसनपुर और राघोपुर सीट पर दूसरे चरण में 3 नवंबर को मतदान है। बीते चुनाव की तुलना में इस बार चुनावी समीकरण बदले हुए हैं। दिलचस्प बात यह भी है कि वर्ष 2015 में जदयू महागठबंधन का हिस्सा था अब एनडीए में शामिल है। राज्य में अभी जदयू की ही सरकार है। नीतीश कुमार मुख्यमंत्री हैं।












Click it and Unblock the Notifications