लालू प्रसाद ने लगवाई कोरोना वैक्सीन, कहा- देश बहुत पीछे चला गया है, पटरी पर लाना पड़ेगा
पटना। चारा घोटाला मामले में जमानत पर बाहर आए राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद ने गुरुवार को कोरोना वैक्सीन ले ली। लालू प्रसाद यादव ने वैक्सीन लगवाने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि मेरी तबीयत में सुधार हो रहा है। मैं पहले से अब बेहतर महसूस कर रहा हूं। दिल्ली में शरद पवार और रामगोपाल यादव से मुलाकात के बारे में कहा कि देश बहुत पीछे चला गया है। इसे पटरी पर लाना पड़ेगा।

वहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तरफ से सबको एकजुट करने की कोशिश पर लालू यादव ने कहा कि दीदी काम कर रही हैं और हम भीतर हैं। वहीं बिहार की राजनीति पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिहार के विधायकों को पुलिस अफसरों ने सदन में घुसकर पीटा। संसदीय लोकतंत्र में कभी ऐसा नहीं हुआ था। तेजस्वी यादव ने सही कहा है। वहीं जाति के आधार पर जनगणना को लेकर लालू प्रसाद यादव ने कहा कि जातीय जनगणना होनी चाहिए। हम लोगों ने लगातार संघर्ष किया, इसलिए इस मामले में कोई कोताही नहीं होनी चाहिए।
वहीं बिहार सरकार में पशुपालन मंत्री और वीआईपी प्रमुख मुकेश सहनी के दिल्ली आने और मुलाकात के सवाल पर जवाब देते हुए लालू प्रसाद यादव ने कहा कि मिलने के लिए लोग आते रहते हैं लेकिन अभी हम उनसे मिले नहीं हैं। इसके अलावा अपने छोटे बेटे तेजस्वी यादव की तारीफ करते हुए कहा कि वो हमसे भी बहुत आगे निकल चुके हैं। लालू ने कहा कि किसी को बनाने से कुछ नहीं होता है, खुद बन जाता है। जब हम जेल के अंदर थे तो बिहार और देश ने देखा है तेजस्वी यादव को चुनाव में। जिस तरह से क्राउड दिखा वो काफी कुछ कहता है। लालू ने कहा कि हम लोगों की सरकार को वहां नहीं बनने दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications