Bihar News: फिल्मी अंदाज़ में किडनैपिंग, कोच अगवा हुआ अटेंडेंट, पुलिस ने 5 को किया गिरफ़्तार, जानिए पूरा मामला
Bihar News: बिहार में अपराधियों के बुलंद हौसलों को पस्त करने के लिए पुलिस मुस्तैदी से काम कर रही है। ताज़ा मामला दानापुर रेलमंडल का है, जहां शुक्रवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने फिल्मी अंदाज़ में ट्रेन अटेंडेंट का किडनैप कर सनसनी फैला दी।
पाटलिपुत्र एक्सप्रेस (18622) शहरी हॉल्ट और बाढ़ स्टेशन के बीच थी, तभी बदमाशों ने अचानक चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी और कोच बी-2 के अटेंडेंट राकेश कुमार को जबरन उतार लिया। इस दौरान यात्रियों को डराने के लिए फायरिंग भी की गई।

शराब तस्करों से जुड़ाव की आशंका
घटना की जानकारी मिलते ही बाढ़ और पटना रेल पुलिस के साथ RPF की टीम हरकत में आ गई और देर रात छापेमारी के दौरान राकेश कुमार को हाथीदह स्टेशन के पास सुरक्षित बरामद कर लिया गया। रेलवे सूत्रों के मुताबिक यह अपहरण किसी सामान्य वारदात का हिस्सा नहीं बल्कि पूरी प्लानिंग से किया गया।
आशंका है कि इसमें शराब तस्करों का हाथ है। दरअसल, कुछ समय पहले राकेश ने शराब तस्करी से जुड़ी एक अहम जानकारी रेल पुलिस को दी थी, जिसके बाद एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ था। पुलिस को शक है कि उसी का बदला लेने के लिए इस घटना को अंजाम दिया गया।
5 संदिग्ध हिरासत में, हथियार और शराब बरामद
घटना के बाद पुलिस ने बाढ़ इलाके में कई जगह छापेमारी की। इस दौरान 5 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। उनके पास से हथियार और अवैध शराब भी बरामद की गई है। इनमें से तीन संदिग्धों से पूछताछ बाढ़ थाना में चल रही है, जबकि दो से रेल पुलिस पूछताछ कर रही है।
प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट हो गया है कि अपहरणकर्ताओं ने शहरी हॉल्ट के पास ट्रेन को टारगेट कर अटेंडेंट को निशाना बनाया था। फिलहाल पुलिस शराब तस्करों से जुड़े इस पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है।












Click it and Unblock the Notifications