खगड़ियाः चुनावी रंजिश में डबल मर्डर से फैली दहशत, बिजली गुल होते ही शुरू हुई फायरिंग
खगड़िया। बिहार के खगड़िया जिले के बलदौर थाना क्षेत्र के रोहियामा गांव में रविवार की देर रात को चुनावी रंजिश में दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वहीं इस डबल मर्डर से गांव में दहशत फैल गई है। घटना के दौरान कुछ लोगों के बीच प्रत्याशी के रूप में खड़े होने को लेकर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान गांव में अचानक बिजली चली गई और अंधाधुंध गोलियां चलने लगी। फायरिंग में रिटायर्ड होमगार्ड जवान सहित दो लोगों की मौत हो गई। इसके बाद घटना की जानकारी स्थानीय थाना को दी गई तो पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई।

मृतकों की पहचान 60 वर्षीय रिटायर्ड होमगार्ड जवान हरिबोल यादव और 50 वर्षीय किशन चौधरी के रूप में की गई। मृतक हरिबोल के परिजनों के मुताबिक देर रात करीब 12 बजे गांव का ही एक व्यक्ति यह कहकर हरिबोल को ले गया कि चुनाव में खड़े होने पर आपस में विचार करना जरूरी है। इसलिए बैठक में चलिये। इसके बाद हरिबोल यादव घर से बाहर थोड़ी दूर पर कुछ लोगों के साथ बैठकर बातचीत कर रहे थे।
इसी दौरान अचानक बिजली गुल हो गई और फिर फारिंग शुरू हो गई। गोलीबारी की आवाज सुनकर लोग दौड़े तो वहां हरिबोल यादव और किशन चौधरी घायल अवस्था में पड़े हुए थे। फायरिंग की सूचना के बाद किशन के परिजन जब घटनास्थल पर पहुंचे तो उनकी मौत हो चुकी थी, जबकि हरिबोल खून से लथपथ बदहवास पड़े थे। परिजन आनन-फानन में उन्हें बेलदौर PHC ले गए। यहां से उन्हें सदर अस्पताल खगड़िया रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल पहुंचने पर वहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टर ने हरिबोल यादव को मृत घोषित कर दिया।
वहीं मामले को लेकर हरिबोल यादव के परिजन ने बताया कि पुरानी रंजिश के साथ ही चुनाव में हारने के भय से गांव के ही लोगों व उनके सहयोगियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। मामले में बेलदौर थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि देर रात हत्या हुई है। परिजन के बयान के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पीड़ित पक्ष से मिले आवेदन के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications