Bihar Politics: कटिहार गोलीकांड पर गरमाई सियासत, क्या मुख्यमंत्री नीतीश की पार्टी का खिसकेगा जनाधार?
Katihar Golikaand: आगामी चुनाव के मद्देनज़र राजनीतिक पार्टियां बिहार में सियासी ज़मीन मज़बूत करने में जुट गई हैं। इसी क्रम में विपक्षी दलों के नेताओं ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। हाल ही में कटिहार में हुए गोलीकांड पर सांसद चिराग पासवान ने नीतीश सरकार पर निशाना साधा है।लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा बिहार में जंगलराज से भी हालात बदतर हो चुके हैं। बिहार में जंगलराज को अब नीतीशराज बोलना चाहिए।
सांसद चिराग पासवान ने मीडिया से मुखातिब होते हुए कटिहार गोली कांड पर भी नीतीश कुमार पर जमकर ज़ुबानी हमला बोला। उन्होंने कहा कि कटिहार की घटना बहुत ही निंदनीय है। इस घटना से साफ पता चलता है कि बिहार में लठमार सरकार है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पास हर मसले का हल सिर्फ लाठी और गोली है।

बिहार में छात्र, किसान, सलाहकार, शिक्षक, पासी समाज के साथ साथ राजनेता तक पिट रहे हैं। प्रदेश में कानून नहीं लाठी की सरकार चल रही है। वहीं उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को महंगी बिजली दरों पर भी घेरा। चिराग ने कहा कि प्रदेश में बिजली की अनियमितता है, इसके खिलाफ शुरू से ही हम आवाज़ उठाते आ रहे हैं। इतनी महंगी बिजली राज्य सरकार क्यों खरीद रही है।
बिहार सरकार महंगी बिजली खरीद कर उसका बोझ प्रदेश की जनता पर मढ़ रही है। सदन में कई बार इस मुद्दे पर आवाज़ बुलंद कर चुका हूं। बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने खुद इस बात को माना है कि प्रदेश में महंगी बिजली खरीदी जा रही है, जबकि ओडिशा में बिहार से सस्ती बिजली खरीदी जाती है। चिराग ने कहा कि वीतीश कुमार की गलती का प्रदेश की जनता क्यों भुगतान करे।
बिहार के सियासी समीकरणों पर राजनीतिक विशेषज्ञों ने कहा कि प्रदेश की जनता राजनेताओं की बयानबाज़ी से कन्फ्यूज़ हो चुकी है। चुनावी मौसम में राजनेता इसी तरह की बयानबाज़ी करते हैं और फिर जीत जाने के बाद पाला बदल कर सिर्फ कुर्सी का सुख लेना चाहते हैं। लेकिन इस बार के समीकरण कुछ और ही बन रहे हैं, अगर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने जनता के हित में फैसले नहीं लिए तो उनकी पार्टी के वोट का ध्रुवीकरण हो सकता है।
कटिहार में हुए कांड की वजह से मुस्लिम समुदाय में नीतीश सरकार के प्रति नाराज़गी है, अगर प्रदेश सरकार ने राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने पर काम नहीं किया तो जदयू के वोट बैंक में भाजपा सेंध लगा सकती है। क्योंकि उत्तर प्रदेश के सीएम योगी के अपराध पर लगाम लगाने के तरीक़े को भाजपा बिहार में भुनाने में कामयाब साबित हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications