बिहारः एसयूवी की लालच में ससुराल वालों ने 6 महीने की गर्भवती बहू को मार डाला
कैमूर। बिहार के कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के कठेज गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 6 माह की गर्भवती महिला को दहेज के चलते मौत के घाट उतार दिया गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक रोहतास जिले के नटवार थाना क्षेत्र के बलिया गांव की निवासी महिला की साल 2013 में शादी हुई थी। मृतका की साल भर की एक बेटी है। घटना के वक्त महिला 6 महीने की गर्भवती भी थी। दहेज के लालच में ससुराल वालों ने गर्भवती महिला को निर्ममता से मौत के घाट उतार दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। महिला के गले पर गहरा काला निशान और सिर के पीछे गहरे घाव हैं। मृतक महिला के चचेरे भाई अजित सिंह और चाचा राजू राय ने बताया कि दहेज के लिए उसके पति व सास-ससुर अक्सर मारते-पीटते थे। उन्होंने बताया कि ससुराल वाले उनसे ब्रेजा गाड़ी की मांग कर रहे थे, जो कि वो इतने सक्षम नहीं है कि गाड़ी खरीद सकें।
चचेरे भाई ने बताया कि दो साल पहले भी उसकी बहन के साथ ससुराल वालों ने मारपीट की थी, जिसके बाद सुलह-समझौता करवाया गया। महिला के मायके वालों के मुताबिक ग्रामीणों द्वारा उन्हें महिला के मौत की जानकारी मिली थी। सूचना मिलते ही मायके वालों ने थाना प्रभारी को सूचित किया ताकि उनके पहुंचने से पहले कहीं ससुराल वाले डेड बॉडी गायब न कर दें।
कैमूर के पुलिस अधीक्षक (एसपी) दिलनवाज अहमद के मुताबिक दहेज के लिए महिला को उसके ससुरालवालों द्वारा मार डालने का मामला प्रकाश में आया है। महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है जिससे मौत के कारणों का पता चल सके। पुलिस ने मायके वालों की शिकायत के आधार पर दहेज हत्या का मामला दर्ज कर महिला के पति और सास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।












Click it and Unblock the Notifications