Jehanabad News: बाढ़ का खतरा मंडराया, फल्गु नदी में जलस्तर बढ़ने की आशंका, हेल्पलाइन नंबर भी किया गया जारी
Jehanabad News: बिहार के जहानाबाद ज़िले में एक बार फिर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने 29 जुलाई से 31 जुलाई 2025 के बीच चतरा और हजारीबाग क्षेत्रों में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की है, जो फल्गु नदी के जलस्तर में अचानक तेज़ बढ़ोतरी का कारण बन सकती है।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए जिला प्रशासन ने संभावित बाढ़ के मद्देनज़र लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षात्मक कदम उठाने की अपील की है। इसके साथ ही आपातकाल स्थिति के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है।

प्रशासन ने जारी की सार्वजनिक सूचना:
प्रशासन ने सार्वजनिक सूचना जारी करते हुए कहा है कि भारी वर्षा के चलते फल्गु नदी के कैचमेंट एरिया में जलभराव की आशंका है। यदि जलस्तर अत्यधिक बढ़ता है तो उदेरास्थान बराज का गेट खोला जा सकता है, जिससे डाउन स्ट्रीम इलाकों - विशेषकर भुतही और लोकाईन नदी से सटे क्षेत्रों - में तेज़ जलप्रवाह और बाढ़ जैसी स्थिति बन सकती है।
प्रशासन की आमजन से अपील:
फल्गु नदी के किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले नागरिक तत्काल सतर्क हो जाएं। नदी के समीप अनावश्यक आवाजाही से बचें। पशुओं और परिवारजनों को ऊंचे एवं सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करें। किसी भी आपात स्थिति में संबंधित अंचल कार्यालय, थाना प्रभारी या जिला आपातकालीन केंद्र से संपर्क करें।
किसी भी आपात स्थिति में अपने नजदीकी अंचल कार्यालय, थानाध्यक्ष, अथवा पाली प्रभारी, जिला आपातकालीन संचालन केंद्र, जहानाबाद के मोबाइल नंबर 9905614917 और 9507716164 पर संपर्क संपर्क करें।
संकट की घड़ी में सजगता और सहयोग सबसे बड़ी ताकत:
जहानाबाद जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वह पूरी तरह से सतर्क और तैयार है, लेकिन आम लोगों की सजगता और सहयोग ही इस संकट की घड़ी में सबसे बड़ी ताकत है। अफवाहों पर ध्यान न दें, आधिकारिक सूचनाओं का पालन करें और ज़रूरत पड़ने पर प्रशासन से तुरंत संपर्क करें। आपकी सतर्कता ही आपकी सुरक्षा है।












Click it and Unblock the Notifications