शादी के तीसरे दिन पति ने कर दी पत्नी की हत्या, ये थी वजह
भागलपुर। बिहार के भागलपुर में एक बेहद ही हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। नवगछिया नदी थाना क्षेत्र के कालूचक विश्वपुरिया गांव में बुधवार की रात पति ने अपनी 19 वर्षीया पत्नी सोनी कुमारी की उसके मायके में ही गला दबाकर हत्या कर दी और फरार हो गया। आरोपी संजीव कुमार की शादी 27 नवंबर को सोनी के साथ हुई थी। मंदिर में शादी के बाद अगले दिन संजीव पत्नी के साथ अपने ससुराल आ गया था।

हत्या से पहले सोनी की पिटाई की गयी थी
पुलिस के मुताबिक खगड़िया के मोथायारी निवासी संजीव कुमार ने घटना को उस समय अंजाम दिया, जब रात में पति-पत्नी एक ही कमरे में सो रहे थे। पत्नी की हत्या के बाद आरोपी कमरे के दरवाजे को बाहर से बंद कर फरार हो गया। सुबह जब बाहर से कमरे का दरवाजा बंद देखा तो मृतका की मां ने दरवाजा खोला और अंदर गई। वहां उसकी नवविवाहित बेटी की लाश पड़ी हुई थी। हत्या से पहले सोनी की पिटाई भी की गयी थी। बाएं हाथ एवं ओठ पर चोट के निशान मिले हैं।

आदर्श विवाह के चलते की थी शादी
संजीव का सोनी के साथ 27 नवम्बर को खगड़िया के बलूआही में एक शिव मंदिर में विवाह हुआ था। शादी से एक सप्ताह पहले सोनी की बड़ी बहन के यहां खगड़िया के ही आवास बोर्ड मुहल्ले में दूल्हे के परिवार वाले लड़की देखने आए थे। लड़की सुन्दर एवं पढ़ी-लिखी थी, जिस कारण लड़के वाले आदर्श विवाह को तैयार हो गये। सोनी खरीक उच्च विद्यालय में इन्टर की छात्रा थी। वहीं संजीव घर पर खेतीबारी का काम करता है।

दहेज मांगे थे ढाई लाख रुपए
शादी के बाद दूल्हा एवं दुल्हन को लेकर मायके वाले वापस 28 नवम्बर की सुबह अपने गांव कालूचक विश्वपुरिया आये। वहां बुधवार को संजीव ने दहेज के रूप में ढाई लाख रुपए, सोने की चेन एवं एक बाइक की मांग की, जिसे देने में असमर्थता जताने पर संजीव आक्रोशित हो उठा। उसने तभी सोनी की हत्या का प्लान बनाया। क्योंकि संजीव ने अपने साथ आए दो चचेरे भाईयों को दिन में भेज दिया था। जबकि वे झगड़े के दौरान घर में ही मौजूद थे। घटना की रात पड़ोस में एक शादी थी। इस कारण रातभर तेज आवाज में लाउडस्पीकर बज रहा था। हत्या के दौरान अगर सोनी चिल्लाई भी होगी तो आवाज लोगों तक नहीं पहुंच पायी।












Click it and Unblock the Notifications