गोपालगंजः शराब से लदी बोलेरो का हुआ एक्सीडेंट तो गांव वाले लूट के लिए टूट पड़े, वीडियो हुआ वायरल
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले के उचकागांव ग्रामीणों ने एक बोलेरो में लदी शराब लूट ली। बोलेरो का ड्राइवर तस्करी करके विदेशी शराब की बोतल लेकर जा रहा था। रास्ते में बाइक से टक्कर होने के बाद ड्राइवर बोलेरो छोड़कर फरार हो गया। वहीं जब गांव के लोगों ने देखा कि शराब से लदी बोलेरो दुर्घटनाग्रस्त है तो शराब लूटने की होड़ मच गई। इस लूट का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। वहीं इस मामले में पुलिस ने एक तस्कर सहित 8 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
Recommended Video

घटना के बारे में बताया गया कि उत्तर प्रदेश से एक बोलेरो गोपालगंज-मीरगंज रोड के रास्ते महैचा मोड़ होते हुए बदरजीमी की तरफ जा रहा था। बदरजीमी की तरफ जाने के दौरान बोलेरो ने महैचा मोड़ के पास बाइक को टक्कर मार दी। इसके बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इस दौरान गांव के लोगों को सूचना मिली की शराब से लदी बोलेरो पलट गई है। इसके बाद लोगों ने लूट मचा दी।
वहीं, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और उसने बोलेरो सवार एक युवक के अलावे कई ग्रामीणों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। थानाध्यक्ष अब्दुल मजीद ने कहा कि इस मामले में कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं, हथुआ एसडीपीओ नरेश कुमार ने बताया कि वायरल हुई वीडियो से चिह्नित करते हुए शराब लूटनेवाले 8 लोगों को पकड़ा गया है। गिरफ्तार व्यक्ति उचकागांव के महैचा के रहनेवाले हैं।












Click it and Unblock the Notifications