महिलाओं को नोट बांटने के मामले को लेकर मुश्किल में फंसे तेजस्वी, हो सकती है कार्रवाई
गोपालगंज। बिहार के गोपालगंज जिले में तेजस्वी यादव द्वारा पैसा बांटने का वीडियो वायरल होने के बाद प्रदेश की राजनीति में बवाल मच गया है। तेजस्वी यादव की मुश्किलें अब बढ़ सकती हैं। जिले के सदर एसडीएम उपेंद्र कुमार पाल ने पैसा बांटने के मामले को गंभीरता से लेते हुए कहा कि वीडियो संज्ञान में आया है। इस वीडियो की सत्यता की जांच के लिए बैकुंठपुर के थानाध्यक्ष और बीडीओ को कहा गया है। वे वीडियो की जगह और समय की जांच करेंगे। अधिकारी जब सत्यापन कर देंगे तब तेजस्वी यादव के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।

एसडीएम ने कहा कि बिहार में पंचायत चुनाव चल रहा है और आचार संहिता लागू है, जिसके बाद पैसे के बांटने को लेकर पूछताछ की जा सकती है कि आखिर पैसा बांटने की वजह क्या है। बता दें कि बीते गुरुवार को बैकुंठपुर में पूर्व विधायक देवदत्त राय की पुण्यतिथि थी, जिसमें भाग लेने के लिए तेजस्वी यादव गोपालगंज आए हुए थे। वे बैकुंठपुर के विधायक प्रेमशंकर यादव के गांव बांस घाट मसूरिया जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान उन्होंने कुछ महिलाओं को पांच-पांच सौ के नोट बांटे थे। इसके बाद तेजस्वी यादव ने जनसभा को भी संबोधित किया था। जदयू नेता नीरज कुमार ने राज्य निर्वाचन आयोग को पत्र लिखकर पंचायत चुनाव के दौरान पैसे बांटने को आचार संहिता का उल्लंघन बताया है और इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।
JDU प्रवक्ता नीरज कुमार ने सोशल मीडिया पर ट्वीट करते हुए लिखा कि पीछे से कोई कहता है कि ये लाल उन्हीं का है... जिन्होंने लिखवा ली थी उनकी जमीन बदले उसके चंद नोट के टुकड़े, आंचल में सबके डाल आया था... लालू के लाल से पूछो गरीबी का माखौल क्यों उड़ाया... वोट को नोट क्यों दिखलाया इंसानों की मजबूरी का कुछ तो लिहाज कर लो...शर्म करलो बबुआ। नोट बांटने वाले वीडियो पर लोग तरह-तरह के कमेंट कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications