Gaya News: बिहार पुलिस ने फिर दागदार की खाकी, इस बार सेना के जवान पर दिखाई बर्बरता, उठे कई सवाल
Gaya Bihar Police News: बिहार के गया जिले से एक बार फिर खाकी को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जहां पुलिस की बर्बरता ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है। सोमवार शाम को वाहन निरीक्षण के दौरान बहेरा थाने की पुलिस ने सेना के जवान मनोज कुमार को बुरी तरह पीटा।
सेना के जवान मनोज कुमार का आरोप है कि पुलिस अधिकारियों ने उसे गालियाँ दीं और विरोध करने पर डंडों और प्लास्टिक की पाइपों से बुरी तरह पीटा। इसके बाद उसे कमर में गमछा बाँधकर थाने ले जाया गया। यह घटना तब शुरू हुई जब झारखंड में कामगारों को छोड़कर अपने गांव पाठक बिगहा लौट रहे कुमार को गया पुलिस ने बहेरा स्टेशन के पास वाहन जांच के लिए रोका।

मनोज कुमार की मानें तो उसने हेलमेट नहीं पहना हुआ था, इस पर उन्हें जुर्माना भरने के लिए कहा गया। सेना का जवान फाइन देने पर सहमत भी हो गया। इसके बावजूद, एक पुलिसकर्मी द्वारा आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया। इसका विरोध करने पर विवाद शुरू हो गया। इसके बाद पुलिस ने बर्रबरता दिखाते हुए बेरहमी से पिटाई कर दी।
इस पूरे मामले में वन इंडिया हिंदी ने बहेरा के थानाध्यक्ष रविरंजन से बात की तो उन्होंने पुलिस और जवान के बीच बहस की बात बताई और झड़प को लेकर गोलमटोल जवाब देते हुए कन्नी काट लिया। पुलिसकर्मियों ने मनोज कुमार को रात 10 बजे के आसपास रिहा किया।
मनोज का आरोप है कि पुलिस ने रिहा करने से पहले जबरन एक दस्तावेज़ पर हस्ताक्षर करवाया, जिसमें लिखा था कि वह "सुरक्षित और स्वस्थ" है। इसके साथ ही सेना के जवान ने अपने शरीर पर चोटों और पिटाई के निशान दिखाए। हिंसा का यह कृत्य पुलिस के आचरण और जवाबदेही पर सवालिया निशान लगा रहा है।
सेना के जवान मनोज कुमार ने इस पूरे मामले में शेरघाटी के डीएसपी संजीत कुमार प्रभात के पास शिकायत दर्ज कराई और संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। साथ ही, उन्होंने अपने सेना मुख्यालय को भी घटना की जानकारी दी।
आपको बता दें कि बीमारी के कारण छुट्टी पर गए कुमार ने हमले की रात एक निजी क्लिनिक में इलाज कराया और अगले दिन फिर डोभी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराया। वहीं आर्मी जवान मनोज ने अपने साथ हुई बदतमीज़ी के लिए इंसाफ़ की गुहार लगाई है। अब देखना यह होगा कि बिहार पुलिस इस मामले में क्या संज्ञान लेती है।












Click it and Unblock the Notifications