BJP में शामिल हुए पूर्व JDU विधायक ललन पासवान, एक साल के भीतर ये 5 नेता भी छोड़ चुके हैं नीतीश का साथ
Lalan Paswan news: 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए विपक्षी गठबंधन इंडिया और एनडीए में चल रही खींचतान के बीच जेडीयू के पूर्व विधायक ललन पासवान अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं।
शुक्रवार को बिहार भाजपा के अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने ललन पासवान को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम और राज्यसभा सांसद सुशील कुमार मोदी, पूर्व मंत्री नंद किशोर यादव और मंगल पांडे भी मौजूद थे।

आपको बता दें कि ललन पासवान बिहार में आरक्षित सीट चेनारी से विधायक रह चुके हैं। इस दौरान सुशील मोदी ने सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, 'पिछले साल अगस्त के महीने में नीतीश कुमार ने एनडीए का साथ छोड़ा और महागठबंधन की सरकार बनाकर मुख्यमंत्री बने, लेकिन तब से लेकर आज तक 14 महीने में किसी भी बड़ी पार्टी का नेता जेडीयू में शामिल नहीं हुआ। हां, ये जरूर हुआ कि जो लोग जेडीयू से डायरेक्ट या इनडायरेक्ट जुड़े थे, उन्होंने साथ छोड़ दिया। फिर चाहे उपेंद्र कुशवाहा हों, आरसीपी सिंह हों, जीतन राम मांझी हों, रणबीर नंदन हों या फिर प्रमोद चंद्रवंशी हों, ये सब लोग या भाजपा या एनडीए से जुड़ गए।'
'नीतीश पर घट रहा है नेताओं और जनता का भरोसा'
आपको बता दें कि जिन नेताओं के नाम सुशील मोदी ने गिनाए, उनमें अगर आरसीपी सिंह को छोड़ दें तो बाकी चारों नेता पिछले 10 साल के दौरान या तो भाजपा में रहे या फिर एनडीए का हिस्सा रहे। वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने इस दौरान कहा, 'नीतीश कुमार को लेकर जनता और पार्टी नेताओं का भरोसा लगातार कम हो रहा है। जब-जब नीतीश के अंदर प्रधानमंत्री बनने की इच्छा जागती है, तब-तब लोकसभा के चुनाव में उनकी पार्टी को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ता है।'












Click it and Unblock the Notifications