ED ने बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव और लालू यादव को भेजा समन, इस दिन पूछताछ के लिए बुलाया
आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव और बिहार के उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को ईडी ने लैंड फॉर जॉब मामले में नया समन भेजा है। प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों ने पटना में राबड़ी देवी के आवास पर जाकर ये समन दिया है।
जानकारी के मुताबिक, नौकरी के बदले कथित भूमि घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ के लिए लालू परिवार को ये समन भेजा गया है। बताया जा रहा है कि लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव को 29 और 30 जनवरी को पूछताछ के लिए बुलाया गया है।

दोनों को ही पटना स्थित ईडी जोनल कार्यालय में उपस्थित होने के लिए कहा गया है। बिहार स्थित उनके आवास पर व्यक्तिगत रूप से उन्हें समन भेजा गया है। बताते चलें कि मामला साल 2004 से लेकर 2009 के बीच रेल मंत्री रहने के दौरान लालू प्रसाद यादव और उनके परिवार को कथित तौर पर उपहार में दी गई या फिर बेची गई जमीन के बदले रेलवे में की गई नियुक्तियों से जुड़ा हुआ है।
आरोप पत्र में सीबीआई ने कहा कि भारतीय सेलवे के निर्धारित मानदंडों और प्रक्रियाओं का उल्लंघन करते हुए रेलवे में नियुक्तियां की गईं। इसमें नौकरी के बदले में उम्मीदवारों द्वारा सीधे या फिर अपने करीबी रिश्तेदारों और परिवार के सदस्यों के जरिये तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव के परिवार के सदस्यों को बाजार दरों से काफी कम कीमत पर जमीन बेचने का भी आरोप लगाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications