बिहार: CM नीतीश की किरकिरी, लोकार्पण वाले दिन ही हाईवे में 5 किमी तक गड्ढे, उठी CBI जांच की मांग
पटना, 28 अगस्त। बिहार में विकास कार्यों में भ्रष्टाचार की आए दिन पोल खुलती रहती है। कभी नया बना पुल भरभराकर गिर जाता है तो कभी हाईवे का हिस्सा अचानक धंस जाता है लेकिन इस बार कुछ ऐसा हुआ है जिसके बारे में जानकर हैरान हो जाएंगे। बिहार विधानसभा की कमेटी ने कहा है कि उसे 220 करोड़ की लागत से बने राजमार्ग पर 5 किमी का हिस्सा टूटा-फूटा मिला है। इसमें गड्ढे भी थे जिसमें मछलियां तैर रही थीं। लेकिन ये बात बस इतनी नहीं है कि रोड खराब थी बल्कि राजमार्ग की ये हालत उस दिन की है जिस दिन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इसका लोकार्पण किया।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 25 दिसम्बर को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 25 अगस्त को 29.3 किमी लंबे भागलपुर-अकबरनगर-अमरपुर दो लेन के राजमार्ग का लोकार्पण किया था। राजकीय राजमार्ग 85 के नाम से दर्ज इस हाईवे का निर्माण राजबीर कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड ने बिहार राज्य सड़क विकास निगम की निगरानी में किया था।
राजद विधायक ने देखी सड़क
राजद विधायक और विधानसभा की शून्य काल कमेटी के चेयरमैन चंद्रहास चौपाल को रोड खराब होने की शिकायत मिली जिसके बाद उन्होंने जाकर खुद इसे देखा। चौपाल ने कहा "पांच किमी तक फैली सड़क पर बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं। यह बहुत शर्मनाक है कि लॉन्च के दिन सड़क को खराब सामग्री से ढंक दिया गया था।" उन्होंने संबंधित अधिकारियों को काली सूची में डालने की मांग करते हुए कहा "संबंधित अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। यहां करोड़ों रुपये का घोटाला जरूर हुआ है। हम इस मामले की सीबीआई जांच की मांग करते हैं।"
अधिकारी बाढ़ को बता रहे जिम्मेदार
वहीं रोड खराब होने पर जिम्मेदार अधिकारी बारिश और बाढ़ के पीछे छिपने की कोशिश कर रहे हैं। अधिकारी रोड खराब होने की बात तो मान रहे हैं लेकिन इसके पीछे खराब निर्माण सामग्री को वजह नहीं मान रहे हैं। अधिकारियों को कहना है नए बने रोड पर कुछ जगहों पर दरारें आ गई हैं क्योंकि 12 दिनों से इसके ऊपर से बाढ़ का पानी बहता रहा है। अधिकारियों की मानें तो बाढ़ के चलते रोड के किनारे दोनों तरफ कंक्रीट की दीवार नहीं बन सकी जिसके चलते रोड पर पानी आता रहा।
चंद्रहास चौपाल ने कहा है कि विधायक इस मामले को शून्य काल के दौरान उठाएंगे और शून्यकाल समिति द्वारा इस पर कार्यवाही की जाएगी। स्थानीय नेताओं ने सड़क की गुणवत्ता को बेहद खराब बताते हुए भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है।












Click it and Unblock the Notifications