दरभंगा जेल से कुख्यात अपराधी सेल्फी लेकर कर रहा फेसबुक अपडेट
सीवान जेल से शहाबुद्दीन की ली गई सेल्फी वायरल हुई थी। इसके बाद लगातार बिहार की जेलों से सोशल मीडिया के इस्तेमाल की खबरें आ रही हैं। ताजा मामला दरभंगा का है।
पटना। बिहार की जेलों की सुरक्षा व्यवस्था कितनी पुख्ता है, इसके बारे में लोगों को तब पता चला जब बाहूबली नेता मोहम्मद शहाबुद्दीन की जेल में ली गयी सेल्फी मीडिया में लीक हो गयी। अब एक बार फिर अपराधी बिहार की जेलों में रहकर आराम से सेल्फी लेकर उसे फेसबुक पर अपडेट कर रहे हैं। ताजी घटना दरभंगा मंडल कारा जेल की है जहां कैद एक अपराधी सेल्फी के साथ लगातार फेसबुक स्टेटस अपडेट कर रहा है।

जेल से ही करता है गैंग का संचालन
दरभंगा जेल में कबिलपुर का कुख्यात अपराधी शिवमुनि झा बंद हैं। इस अपराधी को कुछ महीने पहले अपने ही गांव के राजद नेता पर गोली चलाने के आरोप में बहादुरपुर थाना ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था। लेकिन ये अपराधी जेल के अंदर से मोबाइल से लोगों को फोन कर धमकाने के साथ-साथ गैंग का संचालन भी करता है।

इसके साथ ही साथ शिवमुनि झा अपने फेसबुक पर स्टेटस और अपना नया लुक भी लगातार शेयर करता है। ताजा अपडेट में इसने फेसबुक पर धमकी भरे अंदाज में स्टेटस अपडेट किया है। साथ ही अपने नये लुक वाली सेल्फी भी अपलोड की है।
इन तस्वीरों को देखकर दरभंगा मंडल कारागार की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठ रहे हैं। मालूम हो कि ये पहला मौका नहीं है जब बिहार की जेल में मोबाइल से सेल्फी सोशल मीडिया पर अपलोड की गई है। सीवान जेल से शुरू हुआ यह मामला छपरा, मुजफ्फरपुर और अब दरभंगा तक पहुंच गया है।












Click it and Unblock the Notifications