Bihar: राम नवमी पर गंगा में डूबे 3 युवक, सीएम नीतीश कुमार ने जाहिर किया दुख, 4-4 लाख के मुआवजे का ऐलान
बिहार में रामनवमी के मौके पर गंगा नदी में डूबने से तीन युवकों की मौत हो गई है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना पर दुख जाहिर करते हुए मृतक के परिजनों को मुआवजा देने का ऐलान किया है।

बिहार की राजधानी पटना के मोकामा में जिस तरह से रामनवमी के दिन गंगा नदी में डूबने से तीन लोगों की मौत हुई, उसपर प्रदेश के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दुख जाहिर किया है। नीतीश कुमार ने इस घटना को दुखद बताते हुए म-तक के परिजनों को मुआवजा देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने मृतक के परिजनों को 4-4 लाख रुपए के मुआवजे का ऐलान किया। मुख्यमंत्री ने ट्वीट करके लिखा, पटना के मोकामा थाना क्षेत्र के मेकरा में गंगा नदी में 3 लोगों के डूबने से हुई मृत्यु दुःखद। शोक संतप्त परिजनों को धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना है। सभी मृतकों के निकटतम परिजनों को 4-4 लाख रू० की अनुग्रह राशि अविलंब उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
बता दें कि मोकामा के प्रखंड के मेगरा गांव में राम नवमी के मौके पर पांच दोस्त गंगा नदी में स्नान के लिए गए थे। लेकिन इसी दौरान तीन युवकों की गंगा में डूबने से मौत हो गई। हालांकि दो युवकों को बचा लिया गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। मृतकों की पहचान श्याम कुमार, शिवम कुमार, आयुष कुमार के तौर पर हुई है। तीनों के शव को बरामद कर लिया गया है। मामले की जानकारी स्थानीय पुलिस को दे दी गई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
रिपोर्ट के अनुसार रामनवमी के मौके पर गंगा नदी में स्नान के लिए कई लोग मेकर स्थित गंगा नदी पहुंचे थे। इसी दौरान यह हादसा सामने आया है। यहां पर पांच दोस्त गंगा स्नान के लिए आए थे। लेकिन युवकों को गहराई का अंदाजा नहीं लगा। जबतक वह समझ पाते कि गहराई ज्यादा है वह डूबने लगे। हालांकि रामनवमी की वजह से यहां पर और लोग भी मौजूद थे, जिसकी वजह से दो युवकों को बचा लिया गया, लेकिन तीन युवकों की डूबने से मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications