Bihar Chunav 2025: कॉपी-पेस्ट से बनी “एकजुटता”, NDA की राजनीति में कंटेंट ही नया गठबंधन! किसके दिल में क्या ?
Bihar Chunav 2025: बिहार की राजनीति में 2025 विधानसभा चुनाव की आहट तेज हो चुकी है। एनडीए (NDA) ने आधिकारिक बयान जारी किया है। सीट संख्या का विषय सौहार्दपूर्ण बातचीत में पूरा हो चुका है। कौन दल किस सीट पर लड़ेगा, यह चर्चा भी सकारात्मक बातचीत के साथ अंतिम दौर में है।
सोशल मीडिया पर लिखा 'मोदी जी और नीतीश जी के नेतृत्व में एनडीए के सभी दल एकजुटता के साथ पूरी तरह तैयार हैं। बिहार है तैयार, NDA सरकार।' बयान पढ़कर लगा सब कुछ शांत है, व्यवस्थित है, और NDA भीतर से संगठित है। लेकिन राजनीति में जो दिखता है, वह अक्सर सच्चाई का 'कॉपी एडिट' संस्करण होता है।

सौहार्दपूर्ण बातचीत' या 'सीटों की सौदेबाज़ी'?
अगर सबकुछ तय हो गया है, तो फिर एक ही बात को बार-बार दोहराने की ज़रूरत क्यों पड़ रही है?, सीट बंटवारे पर जब भी "सौहार्दपूर्ण" शब्द इस्तेमाल किया जाता है, तो राजनीतिक समझ रखने वाला हर व्यक्ति समझ जाता है कि अंदर ही अंदर "सौहार्द से ज़्यादा सौदेबाज़ी" चल रही है।
कॉपी-पेस्ट का नया राजनीतिक ट्रेंड
राजनीति के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि चिराग पासवान, सम्राट चौधरी और उपेंद्र कुशवाहा
तीनों ने अपने-अपने सोशल मीडिया पर एक ही तरह का कंटेंट कॉपी-पेस्ट कर दिया। वही लाइन, वही भावनात्मक टोन, वही "बिहार है तैयार" वाला नारा, यहां तक कि इमोजी भी लगभग समान! यह नज़ारा देखकर लगा कि यह अब राजनीतिक गठबंधन नहीं, "कंटेंट सिंडिकेट" बन चुका है। जिसका जो काम-राजनीति कम, पोस्टिंग ज़्यादा।
क्या यह एकजुटता है... या नियंत्रित संदेश?
सोशल मीडिया पर एक जैसे पोस्ट दो इशारे करते हैं:
1. संदेश नियंत्रित है।
कहीं न कहीं "केंद्रीय ड्राफ्ट" बन रहा है, जिसे सबको साझा करना पड़ रहा है।
2. आत्मविश्वास नहीं, असुरक्षा है।
जो दल सच्चे अर्थों में मज़बूत होता है,
उसे रोज़ "हम एकजुट हैं" लिखने की ज़रूरत नहीं होती।
NDA के घटक दलों की असली मानसिकता
जदयू (JDU): हम बड़े भाई हैं, सीटें हमारी शर्तों पर।
बीजेपी: असली वोट बैंक हमारे पास है, मुख्यमंत्री हमारा!
चिराग पासवान: युवा चेहरा मैं हूं, ब्रांड मैं हूं, भविष्य भी मैं ही।
उपेंद्र कुशवाहा: मैं जहां जुड़ूं, वहीं से गणित शुरू।
हम पार्टी: एक सीट दो, सरकार गिरने का डर खत्म।
ऊपर से सब एक-दूसरे के कंधे पर हाथ रखे हुए, अंदर से हर कोई दूसरों की कुर्सी नाप रहा है। जनता सब समझ रही है, मतदाता अब पोस्ट नहीं पढ़ते, पोस्ट के पीछे की पॉलिटिक्स समझती है। जब "एकजुटता" को बार-बार लिखना पड़े, तो समझ लेना चाहिए कि भीतर कुछ दरारें हैं। जब नेता एक जैसे बयान देने लगें, तो समझ लेना चाहिए कि "व्यक्तित्व नहीं, स्क्रिप्ट बोल रही है।"
असली लड़ाई अभी बाकी है
NDA का आधिकारिक नारा, "बिहार है तैयार, NDA सरकार" लेकिन जनता का सवाल, "सरकार पक्की है या सीटें अभी भी फंसी हुई हैं?"। कॉपी-पेस्ट वाली एकजुटता कुछ दिन चल सकती है, पर असली इम्तिहान सीट बंटवारे (किस सीट पर किस पार्टी का सिंबल) और CM चेहरे की घोषणा के वक़्त होगा। बिहार की जनता इंतजार में है, क्योंकि बिहार सिर्फ चुनाव के लिए नहीं, सच देखने के लिए भी तैयार है।












Click it and Unblock the Notifications