Bihar News: क्या चिराग पासवान को अपने पाले में कर पाएगा महागठबंधन, 8 सीटों का मिला ऑफर
Bihar News In Hindi: बिहार में नीतीश कुमार के साथ एनडीए की सरकार तो बन गई है, लेकिन लोकसभा चुनाव के मद्देनज़र सहयोगी दलों में सीटों के बंटवारे पर पेंच फंसता हुआ नज़र आ रहा है। एनडीए गठबंधन के सहयोगी दलों में शामिल चिराग पासवान और पशुपति पारस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर दावेदारी का दौरा जारी है।
भारतीय जनता पार्टी दोनों को मिलाकर कुल 6 सीटें उन्हें देना चाहती है। लेकिन पशुपति पारस और चिराग पासवान अपनी-अपनी पार्टी के खाते में एनडीए की तरफ़ से 6 सीटों की मांग कर रहे हैं। एनडीए में सीटों के लिए जारी तकरार के बीच महागठबंधन ने सियासी दांव खेल दिया है।

सूत्रों की मानें तो इंडिया गठबंधन की तरफ से चिराग पासवान को बिहार में 8 सीटों का ऑफर की पेशकश की गई है। इसके साथ ही यूपी में 2 लोकसभा सीटों का ऑफर दिया गया है। ग़ौरतलब है कि महागठबंधन के महा ऑफर पर चिराग पासवान की अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
सियासी गलियारों में यह चर्चा तेज़ है कि एनडीए गठबंधन में सीएम नीतीश कुमार के शामिल होने से बिहार में सीट बंटवारे में पेंच फंस रहा है। जदयू अपनी सीटिंग सीटों से समझौता करने के मूड में नहीं है। वहीं भाजपा अपने कोटे से सीट कम करने के लिए पूरी तरह से राज़ी नहीं है।
सीटों के बंटवारे को लेकर जारी दांवपेच के बीच चिराग पासवान और पशुपति पारस हाजीपुर लोकसभा सीट पर अपनी-अपनी दावेदारी जता रहे हैं। मौजूदा वक्त में पशुपति पारस हाजीपुर लोकसभा सीट से सांसद हैं। इसलिए वह अपनी दावेदारी नहीं छोड़ना चाहते हैं।
चिराग पासवान भी अपने पिता रामविलास पासवान की विरासत बताते हुए हाजीपुर लोकसभा सीट अपने खाते में लेना चाहते हैं। सीटों के बंटवारे पर जारी रार के बीच चिराग पासवान इंडिया गठबंधन का रुख करते हैं, या फिर मन मार के एनडीए गठबंधन द्वारा दिए सीट पर पार्टी के उम्मीदवार उतारते हैं। इस पर सभी की निगाहे टिकी हुईं हैं।












Click it and Unblock the Notifications