Gopal Khemka Case: बड़ी सफलता या चूक? एनकाउंटर में शूटर मारा गया, फिर भी पुलिस को क्यों है मलाल?
Gopal Khemka Shooter Encounter News: चुनाव नजदीक आते ही गोपाल खेमका हत्याकांड ने बिहार की राजनीति और सुरक्षा एजेंसियों को हिला कर रख दिया है। इस बहुचर्चित मामले में सोमवार को बड़ी सफलता मिली जब पटना के मसलमी इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान मुख्य आरोपी विकास उर्फ राजा को मार गिराया गया।
पुलिस के मुताबिक, विकास न सिर्फ इस हत्याकांड में शामिल था, बल्कि अवैध हथियारों के निर्माण और बिक्री का भी बड़ा गिरोह संचालित करता था। उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज थे।

गिरफ्तार नहीं कर पाने का पुलिस को मलाल
स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) और स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की संयुक्त कार्रवाई में जब पुलिस की टीम उसे पकड़ने पहुंची, तो विकास ने बिना किसी चेतावनी के फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में दम तोड़ दिया। पुलिस सूत्रों का कहना है कि विकास की गिरफ्तारी से केस में अहम सुराग मिल सकते थे, लेकिन उसकी मुठभेड़ में मौत से फिलहाल उस कड़ी पर विराम लग गया है। हालांकि, STF की टीम अब उसके नेटवर्क की तलाश में है।
ये भी पढ़ें Gopal Khemka: कौन थे गोपाल खेमका, जिनकी हत्या से दहला पूरा पटना, BJP से था कनेक्शन, छोड़ गए अथाह संपत्ति
हाई-सिक्योरिटी जोन में हुई थी सनसनीखेज वारदात
4 जुलाई की देर रात पटना के प्रतिष्ठित गांधी मैदान थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई जब जाने-माने व्यवसायी गोपाल खेमका की उनके आवास के पास ही गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह इलाका न केवल राजधानी के सबसे व्यस्त और सुरक्षित माने जाने वाले क्षेत्रों में शामिल है, बल्कि यहां वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के सरकारी आवास भी स्थित हैं।
घटना स्थल से महज कुछ ही मीटर की दूरी पर जिला मजिस्ट्रेट, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक और अन्य उच्चाधिकारियों के निवास हैं। ऐसे हाई-सिक्योरिटी जोन में हुई इस जघन्य हत्या ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, खेड़का रोज की तरह देर शाम टहलने निकले थे, तभी दो बाइक सवार हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाया और फरार हो गए। गोली लगने के तुरंत बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हत्या ने पटना ही नहीं, पूरे राज्य में सनसनी मचा दी, और इसे आगामी चुनावों से भी जोड़कर देखा जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए बिहार पुलिस और STF ने इसे टॉप प्रायोरिटी पर लिया है।
गोपाल खेमका का एक अन्य शूटर उमेश गिरफ्तार
इससे पहले, 7 जुलाई को बिहार के पुलिस महानिदेशक (DGP) विनय कुमार ने कहा था कि गोपाल खेमका मर्डर केस उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, पटना पुलिस और STF की टीम इस मामले में प्रभावी रूप से काम कर रही है। शक के आधार पर एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस हत्या में शामिल शूटर उमेश, जो पटना साहिब का रहने वाला है, को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पटना के बड़े कारोबारी अशोक साव गिरफ्तार
गोपाल खेमका हत्याकांड में बिहार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पटना के चर्चित व्यापारी अशोक साव को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि पुलिस को उनके खिलाफ कई अहम सुराग मिले हैं, जिसके आधार पर उन्हें हिरासत में लिया गया। मामले में पूछताछ जारी है और जांच अब नए मोड़ पर पहुंच गई है।












Click it and Unblock the Notifications