बिहार: भाजपा सांसद का बेटा दोस्तों संग दारू पार्टी करते गिरफ्तार
पटना। बिहार के गया से सांसद हरी मांझी के बेटे राहुल को पुलिस ने दोस्तों के साथ शराब पार्टी करते हुए गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहुल की मेडिकल जांच कराई, जांच में राहुल के शराब पीने की पुष्टि हुई। पुलिस ने राहुल को कोर्ट में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया। घटना शनिवार शाम की है, जब राहुल को दोस्तों के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक ये लोग गिरफ्तारी के वक्त शराब के नशे में धुत थे।

कोर्ट ने जेल भेजा
पुलिस ने बताया कि सूचना के बाद बोधगया थाने के नीम गांव से नशे की हालत में इन लोगों को पकड़ा गया और फिर ब्रेथ ऐनलाइजर और मेडिकल के बाद इनको अदालत ले जाया, कोर्ट ने आरोपी को जेल भेजने का आदेश दिया। ये कोई पहला मौका नहीं है, जब बिहार में बड़े नेताओं के परिवार के लोग शराब पीने के मामले में गिरफ्तार हुए हैं। इससे पहले भी ऐसे मामले सामने आ चुके हैं।

बिहार में दो साल से है शराबबंदी
बिहार में 2016 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शराबबंदी का ऐलान किया था जिसके बाद सूबे में शराब परप्रतिबंध लगा हुआ है। इसके बावजूद शराबबंदी के उल्लंघन के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। आंकड़ों के मुताबिक बिहार में पिछले दो सालों में एक लाख से ज्याद गिरफ्तारियां शराबबंदी के उल्लंघन के आरोप में हुई हैं। इस समय भी आठ हजार से ज्यादा लोग बिहार की विभिन्न जेलों में इस कानून को तोड़ने के चलते बंद हैं।

हरी मांझी ने कहा, राजनीतिक साजिश
गया सांसद ने बेटे राहुल की गिरफ्तारी को राजनीतिक साजिश करार दिया है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मामलों को उछालकर बेटे को बदनाम किया जा रहा है ताकि मेरे ऊपर कीचड़ उछाला जा सके। मांझी ने कहा कि मैं शराबियों का समर्थन नहीं करता लेकिन राहुल का समर्थन इसलिए कर रहा हूं क्योंकि उसने शराब पी ही नहीं है, उसे फंसाया गया है।












Click it and Unblock the Notifications