Bihar Today: राजद के संगठन चुनाव का पहला चरण पूरा, अब राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की बारी
Bihar Today News: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के संगठनात्मक चुनाव का पहला चरण पूरा हो गया है, जिसमें प्राथमिक (बूथ) और पंचायत इकाइयों के चुनाव संपन्न हुए हैं। अब पार्टी ने आगामी चरणों की चुनावी प्रक्रिया की तारीख तय कर दी हैं। 31 मई यानी आज से प्रखंड कमेटियों का चुनाव शुरू होगा। 5 जून से जिला कमेटियों के चुनाव की प्रक्रिया, 14 जून से प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी।
राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों की अंतिम सूची 24 जून को प्रकाशित की जाएगी। वहीं राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव 5 जुलाई को होगा। राजद के राष्ट्रीय सहायक निर्वाचन पदाधिकारी चित्तरंजन गगन के मुताबिक बिहार, झारखंड सहित अन्य राज्यों में पार्टी की प्राथमिक और पंचायत इकाइयों के चुनाव सफलतापूर्वक संपन्न हो चुके हैं। राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. रामचंद्र पूर्वे के अनुमोदन के बाद सभी राज्यों में प्रखंड डेलीगेट की अंतिम सूची प्रकाशित कर दी गई है।

इस बीच बिहार की राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि पार्टी के पहले सवर्ण प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता जगदानंद सिंह अपने पद पर बने रहेंगे या नहीं। हालांकि, राष्ट्रीय अध्यक्ष पद पर लालू यादव की वापसी लगभग तय मानी जा रही है।
नवजात बेटे और पत्नी के साथ पटना लौटे तेजस्वी यादव
बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपनी पत्नी राजश्री और नवजात बेटे इराज के साथ पटना लौटे आए हैं। पटना एयरपोर्ट पर लालू प्रसाद यादव और राबड़ी देवी ने अपने पोते का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान लालू यादव ने पोते को गोद में लेकर आशीर्वाद दिया और परिवार के इस नए सदस्य के आगमन पर खुशी जताई। तेजस्वी यादव दूसरी बार पिता बने हैं। उन्हें पहले से एक बेटी है। 27 मई को कोलकाता के एक अस्पताल में राजश्री यादव ने बेटे को जन्म दिया था।
Bihar Weather: बिहार के 11 जिलों में बारिश को लेकर येलो अलर्ट
बिहार में मौसम विभाग ने शनिवार 31 के लिए को 11 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जहां तेज आंधी, बिजली गिरने और 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। इन जिलों में पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और मधेपुरा शामिल हैं।
राज्य के अन्य हिस्सों छिटपुट बारिश की संभावना है। हालांकि, पटना में गर्मी का असर बना रहेगा, पटना में शनिवार को तापमान 38-40 डिग्री सेल्सियस और रविवार को 36-38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की उम्मीद है।












Click it and Unblock the Notifications