Bihar Today: बिहार में नगर पालिका चुनाव के लिए नामांकन आज से, BJP प्रदेश अध्यक्ष करेंगे औरंगाबाद का दौरा
Bihar Today News: बिहार में नगर पालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। बिहार राज्य निर्वाचन आयोग ने आगामी नगर पालिका चुनावों की तारीखों की घोषणा हाल ही में की है। बिहार में नगर पालिका चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया आज बुधवार यानी 28 मई से शुरू हो रहा है। ये नामांकन प्रक्रिया 5 जून तक चलेगी।
नगर पालिका चुनाव के लिए वोटिंग 28 जून 2025 को होना है। वोटों की गिनती 30 जून को की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही 28 मई से आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है, जो वोटिंग होने तक प्रभावी रहेगी। यह संहिता चुनाव के दौरान राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के लिए आचरण संबंधी दिशा-निर्देश तय करती है।

बिहार नगर पालिका चुनाव कार्यक्रम
- नामांकन प्रक्रिया: 28 मई से 5 जून 2025 तक, प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक।
- नामांकन पत्रों की समीक्षा: 6 जून से 9 जून तक।
- नाम वापसी की अंतिम तिथि: 10 जून और 12 जून।
- अंतिम उम्मीदवार सूची का प्रकाशन: 13 जून।
- मतदान तिथि: 28 जून, सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक।
- मतगणना: 30 जून, सुबह 8 बजे से शुरू होगी।
चुनाव क्षेत्र (किन-किन जिलों में होगा चुनाव)
इस बार मुख्य रूप से पटना, रोहतास और पूर्वी चंपारण जिलों की 6 नगर पंचायतों में चुनाव होंगे,
- पटना जिला: खुसरूपुर, नौबतपुर और विक्रम नगर पंचायत।
- पूर्वी चंपारण जिला: पकरी दयाल और महेशी नगर पंचायत।
- रोहतास जिला: कोचस नगर पंचायत।
इन क्षेत्रों में वर्तमान कार्यकाल 20 अगस्त 2025 को खत्म हो रहा है। हर मतदान केंद्र पर तीन ईवीएम मशीनें लगाई जाएंगी, जिनका इस्तेमाल मुख्य पार्षद, उपमुख्य पार्षद और वार्ड पार्षद के चुनाव के लिए किया जाएगा।
बिहार भाजपा प्रमुख दिलीप कुमार जायसवाल आज औरंगाबाद जिले का करेंगे दौरा
बिहार में आगामी चुनावी गतिविधियों और प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) बिहार प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल 28 मई, 2025 को एक दिवसीय प्रवास कार्यक्रम के तहत औरंगाबाद और अरवल जिलों के दौरे पर रहेंगे।
इस प्रवास का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित विक्रमगंज दौरे की तैयारियों की समीक्षा करना और एनडीए की संयुक्त बैठक आयोजित करना है।
इस कार्यक्रम को प्रधानमंत्री मोदी के बिक्रमगंज आगमन की तैयारी से जोड़कर देखा जा रहा है, जहां एक बड़ी रैली या घोषणा की संभावना जताई जा रही है। एनडीए नेतृत्व चाहता है कि इस कार्यक्रम को लेकर किसी भी स्तर पर चूक न हो और संगठनात्मक ताकत का प्रभावी प्रदर्शन किया जा सके।












Click it and Unblock the Notifications