Bihar Today: तेजस्वी-चिराग की मुलाकात के बीच शुरू हुआ पोस्टर वार, आज PK करेंगे सिसवन में 'बिहार बदलाव यात्रा'
Bihar Today: जैसे-जैसे विधानसभा चुनाव 2025 करीब आ रहा है, वैसे-वैसे बिहार की राजनीति में हलचल तेज होती जा रही है। कहीं नेताओं की मुलाकातें सुर्खियां बटोर रही हैं, तो कहीं पोस्टर वार में जमकर शब्दों के बाण चलाए जा रहे हैं। कोई यात्रा पर निकल पड़ा है तो कोई बगावत का बिगुल फूंक रहा है।
इस सियासी हलचल के बीच हर दल अपनी पकड़ मजबूत करने में जुटा है और बिहार की जनता एक बार फिर से राजनीति के रंगमंच पर बड़ी लड़ाई देखने को तैयार है। आइए एक नजर डालते हैं बिहार के बड़े अपडेट्स पर...

तेजस्वी और चिराग की मुलाकात बनी चर्चा का विषय
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले राजनीतिक माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है। हाल ही में नवादा में शहीद मनीष कुमार को श्रद्धांजलि देने पहुंचे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की मुलाकात चर्चा का केंद्र बन गई। दोनों नेताओं ने गर्मजोशी से एक-दूसरे को गले लगाया, हाथ मिलाया और हालचाल पूछा। यह मुलाकात भले ही औपचारिक रही हो, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसके कई मायने निकाले जा रहे हैं।
ये भी पढ़ें: IAS शिवाक्षी दीक्षित: UP की बेटी को बिहार में मिली बड़ी जिम्मेदारी, असफलता को मात देकर बनी थीं अफसर
पोस्टर पर तेजस्वी को बताया 'शुद्ध देसी बिहारी'
नवादा में एक पोस्टर भी लगा, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, तेजस्वी यादव, चिराग पासवान और सम्राट चौधरी की तस्वीरें थीं। पोस्टर में आरजेडी ने चिराग पासवान पर तंज कसते हुए लिखा, "तेजस्वी यादव ही शुद्ध देसी बिहारी हैं, बाकी सब बाहरी हैं।" साथ ही चिराग को 'मुंगेरीलाल के हसीन सपने' देखने वाला बताया गया। मुख्यमंत्री नीतीश को नसीहत देते हुए लिखा गया, "बुझ जाईए चाचा, ये लोग धोखा देते आए हैं।"
प्रशांत किशोर की 'बिहार बदलाव यात्रा'
जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने मंगलवार, 20 मई से 'बिहार बदलाव यात्रा' की शुरुआत की। बुधवार को मांझी और जलालपुर में जनसभाएं कर उन्होंने जनता से सीधे संवाद किया। पीके ने कहा कि राज्य में अधिकारी और नेता हर छोटे-बड़े काम के लिए रिश्वत लेते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगली बार वोट नेताओं के चेहरों पर नहीं, अपने बच्चों के भविष्य को देखकर दें। आज, 22 मई को वे सिसवन का दौरा करने वाले हैं।
फिरोज अहमद लड़ेंगे निर्दलीय चुनाव
जेडीयू के पूर्व मंत्री खुर्शीद उर्फ फिरोज अहमद ने ऐलान किया है कि वे आगामी विधानसभा चुनाव में सिकटा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने बुधवार को एक पदयात्रा निकाली और लोगों से संपर्क किया। पदयात्रा के बाद आयोजित सम्मान समारोह में उन्होंने कहा कि जनता ही असली ताकत है और उसी की मांग पर वे चुनावी मैदान में उतरेंगे।
राहुल गांधी फिर करेंगे बिहार दौरा
कांग्रेस सांसद और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी भी बिहार चुनाव को लेकर पूरी तरह सक्रिय हो गए हैं। उनका अगला बिहार दौरा 27 मई को प्रस्तावित है। यह उनका इस साल का पांचवां बिहार दौरा होगा। माना जा रहा है कि इस बार राहुल गांधी का दौरा कुछ अलग रणनीति के तहत होगा, जिससे जेडीयू और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की चिंता बढ़ सकती है।
गर्मी के साथ ही चढ़ रहा राजनीतिक पारा
इन सभी घटनाओं से साफ है कि बिहार की राजनीति अब चुनावी मोड में आ चुकी है। नेताओं की यात्राएं, मुलाकातें, पोस्टर वार और घोषणाएं इस बात का संकेत हैं कि आगामी दिनों में सियासी तापमान और बढ़ने वाला है।
ये भी पढ़ें: Opinion Poll: बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन, सर्वे में नीतीश कुमार कितने नंबर पर, जनता की पहली पसंद कौन?












Click it and Unblock the Notifications