कुत्तों के साथ ग्रेजुएट हो रहे हैं बिहार के छात्र, तस्वीर वायरल
पटना। बिहार की शिक्षा व्यवस्था और परीक्षा व्यवस्था दोनों चर्चित रहती है। सरकार और कॉलेज प्रशासन के द्वारा लाख कड़ाई करने के बाद भी कई ऐसी तस्वीर सामने आ जाती है जो उनकी पोल खोल कर रख देती है। ताजा मामला बिहार के भोजपुर जिला का है। जहां ग्रेजुएशन की परीक्षा छात्र किस तरह दे रहे हैं यह आप तस्वीर से अंदाजा लगा सकते हैं। बिहार में होने वाली मैट्रिक से लेकर ग्रेजुएशन की परीक्षा हमेशा अपनी व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा में बनी रहती है। इस तस्वीर ने बिहार के परीक्षा व्यवस्था पर कई तरह के सवाल खड़े कर दिए हैं। क्या कॉलेज प्रशासन इस परीक्षा व्यवस्था को मजाक समझता है जिस सर्टिफिकेट से बिहार के छात्र अपने आप को ग्रेजुएट करते हैं उसका हाल ऐसा कैसे...

वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय की परीक्षा
मिली जानकारी के अनुसार छात्रों के ग्रेजुएशन की परीक्षा देने वाली यह तस्वीर बिहार के भोजपुर जिले कि है। वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय में ग्रेजुएशन की परीक्षा चल रही है। इसके लिए भोजपुर के कई कॉलेजों में सेंटर बनाए गए हैं। अब आप तस्वीर देखकर अंदाजा लगा सकते हैं कि इन सेंटरों पर किस तरह कॉलेज प्रशासन के द्वारा परीक्षा को मजाक बनाया जा रहा है और छात्र कैसे मस्ती में एग्जाम दे रहे हैं।

कुर्सी मेज भी नहीं हुआ नसीब
जहां कॉलेज में परीक्षा देने आए छात्रों को बैठने के लिए मेज कुर्सी या बेंच तक भी नसीब नहीं हुआ। किसी तरह छात्र कॉलेज की सीढियों और बरामदे पर बैठकर परीक्षा दिए और जमकर चोरी की। एक तरफ जहां परीक्षार्थी झुंड बनाकर किताब से देख कर नकल कर रहे हैं तो दूसरी तरफ जमीन पर कुत्तों के साथ बैठकर कॉपी लिख रहे हैं। और वहां ना तो कोई भी मजिस्ट्रेट का डर है और ना ही केंद्र अधीक्षक का।

रद्द होगी परीक्षा
जब इस मामले के बारे में वीर कुवंर सिंह विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ सैयद मुमताजुद्दीन से बात की तो उन्होंने बताया कि जिन विषय के छात्र-छात्राओं ने फर्श पर बैठ कर परीक्षा दी है उन विषयों की परीक्षा को कैंसिल कर दिया जाएगा। ऐसा इसलिए किया गया कि कॉलेज में छात्र छात्राओं के बैठने की जगह नहीं थी। प्रधानाचार्य से इस मामले में जवाब मांगा गया है। फिलहाल इसकी जांच की जा रही है और जल्द ही इस पर कार्रवाई की जाएगी।












Click it and Unblock the Notifications