बिहार STF और पटना पुलिस ने लूटकांड के अभियुक्तों को किया गिरफ़्तार, गिरोह में एक महिला भी शामिल़
Bihar News: बिहार STF और पटना पुलिस द्वारा सोमवार 26 अगस्त को संयुक्त कार्रवाई में बैंक और सोना लूटकांड, हत्याकांड सहित अन्य कांडों में फरार पटना जिले के कुख्यात अपराधियों पर शिकंजा कसा गया है। संतोष कुमार और उसके 4 सहयोगियों पिंटु कुमार, सुमित कुमार उर्फ राहुल, सागर राज और आरती कुमारी को डकैती की योजना बनाते हुए पटना जिले से गिरफ्तार किया।
अपराधियों के पास से अवैध हथियार और लूट के पैसे बरामद हुए। पटना पुलिस के द्वारा संगठित आपराधिक गिरोह के सदस्य के रूप में इन अपराधकर्मियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बाताया कि ये सभी अंतरराज्यीय अपराधी हैं।

इस गैंग ने पटना जिले के बिहटा उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक, बिहटा एक्सिस बैंक, धनरुआ उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक व दुल्हिन बाजार पंजाब नेशनल बैंक एवं शेखपुरा जिला अंतर्गत एक्सिस बैंक में लूटकांड को अंजाम दिया था। पूर्व में उक्त कांड में बिहार STF द्वारा घनश्याम भारती उर्फ छोटन गिरी एवं शत्रुध्न यादव को गिरफ्तार किया जा चुका है।
गिरफ्तार अपराधियों में से संतोष कुमार (बकरिया) कागजी मुहल्ला दानापुर कैन्ट, थाना- दानापुर, जिला- पटना का रहने वाला है। वहीं पिंटु कुमार, दानापुर सुल्तानपुर (थाना- दानापुर, जिला- पटना) का निवासी है। सुमित कुमार उर्फ राहुल, ठुमरा थाना बेलसंड, जिला- सीतामढ़ी का निवासी है। सागर राज, गोला रोड, थाना- दानापुर, जिला- पटना का रहने वाला है।
आरती कुमारी उर्फ बसमतिया, मास्टरमाइंड संतोष कुमार,( कागजी मुहल्ला दानापुर कैन्ट, थाना- दानापुर, जिला- पटना) की पत्नी है। इन सभी अपराधियों के खिलाफ पटना और शेखपुरा जिले के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, आर्म्स एक्ट सहित कई कांड पहले से दर्ज हैं।
गिरफ्तार अपराधी संतोष कुमार उर्फ बकरिया पटना जिले के फुलवारी थाना क्षेत्र में हुई लूट के दौरान पिता-पुत्र के हत्याकांड में वांछित अभियुक्त था। साथ ही वैशाली जिले के सोनपुर में हुए सोना लूटकांड में भी संलिप्त था। संतोष एवं पिंटु कुमार पटना जिले के दीघा थानांतर्गत बाटा फैक्ट्री के सामने गोलीबारी में हत्या एवं दीघा थाना क्षेत्र के टेंपु स्टैंड में गोलीबारी एवं नीरज पासवान की हत्या में शामिल थे।
पिंटु कुमार पूर्व में पश्चिम बंगाल के वर्धमान जेल में रह चुका है और वहीं से विभिन्न बैंकों को लूटने की योजना बनाई जा रही थी। वहीं, पूर्व में पिंटु कुमार पटना जिले के खादिम शोरूम के मालिक के हत्याकांड में जेल जा चुका है। इन लोगों के पास से 47,450 रुपए कैश, 1 पिस्टल, देसी पिस्टल, 15 जिंदा कारतूस, 5 मोबाइल, 2 राउटर, लूट के पैसे से खरीदी गई 1 बाइक और 2 ATM कार्ड बरामद हुए हैं।












Click it and Unblock the Notifications