Lok Sabha Election 2024: समस्तीपुर लोकसभा कभी था कांग्रेस का गढ़, जानिए इतिहास और समीकरण
Lok Sabha Election 2024, Samastipur Lok Sabha Seat: बिहार में लोकसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। राजनीतिक पार्टियां प्रदेश की सभी 40 लोकसभा सीटों पर सियासी ज़मीन मज़बूत करने की कवायद तेज़ कर चुकीं हैं। वहीं सीटों पर सियासी मंथन भी जारी है, इसी क्रम में आज हम आपको बिहार की सुरक्षित लोकसभा सीटों में से एक समस्तीपुर लोकसभा सीट का इतिहास और समीकरण बताने जा रहे हैं।
समस्तीपुर लोकसभा सीट पर हुए 2019 के चुनाव की बात करें तो लोक जनशक्ति पार्टी के प्रत्याशी रामचन्द्र पासवान ने जीत का परचम लहराया था। वह लगातार दूसरी बार जीते थे, उन्होंन कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. अशोक राम को सियासी मात दी थी।

रामचंद्र पासवान ने 2019 के आम चुनाव में समस्तीपुर सीट के अंतर्गत आने वाली सभी 6 विधानसभा सीटों पर बढ़त हासिल कर जीत हासिल दर्ज की। सांसद चुने जाने के कुछ ही महीने बाद रामचंद्र पासवान की मौत हो गई। इसके बाद सीट पर उपचुनाव हुए।
उपचुनाव में स्व. रामचन्द्र पासवान के बेटे प्रिंस राज ने चुनावी दांव खेला। वहीं प्रिंस राज के खिलाफ कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. अशोक राम ने चुनावी बिगुल फूंका, लेकिन लोजपा प्रत्याशी प्रिंस राज ने भी सभी 6 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त बनाते हुए जीत दर्ज की।
समस्तीपुर लोकसभा सीट के सियासी समीकरण और इतिहास की बात करें तो यह लोकसभा क्षेत्र सुरक्षित है, इसके अंदर में छह विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। समस्तीपुर, कल्याणपुर, वारिसनगर और रोसड़ा (समस्तीपुर जिला के विधानसभा सीट) और कुशेश्वर स्थान और हायाघाट (दरभंगा जिला के विधानसभा सीट) शामिल हैं।
समस्तीपुर लोकसभा सीट पहले सामान्य सीटों में शामिल था, 2009 के परिसीमन के बाद इस सीट को सुरक्षित कोटा में डाल दिया गया। इस लोकसभा सीट के अंतर्गत आने वाले 6 विधानसभा सीटों में से जदयू के पास 3 सीट (कुशेश्वरस्थान से शशिभूषण हजारी, कल्याणपुर से महेश्वर हजारी, वारिसनगर से अशोक कुमार) पर पर क़ब्ज़ा है।
भाजपा के पास दो सीटों (रोसड़ा से विरेंद्र कुमार और हायाघाट से राम चंद्र प्रसाद) का क़ब्ज़ा है। वहीं 1 सीट पर राजद का क़ब्ज़ा है। राजद प्रत्याशी अख्तरुल इस्लाम शाहीन ने समस्तीपुर विधानसभा सीट पर पार्टी का परचम लहराया था। कुशेश्वरस्थान के विधायक के निधन के बाद 2021 में हुए उप चुनाव, फिर से जेडीयू प्रत्याशी अमन भूषण हजारी (शशि भूषण हजारी के पुत्र) ने इस सीट पर जीत दर्ज की थी।
समस्तीपुर लोकसभा सीट के जातीय समीकरण की बात करें तो कुशवाहा और यादव समुदाय की आबादी ज़्यादा है। अगड़ी जाति और अनुसचित जाति के अलावा अति पिछड़ा समुदाय के मतदाता सियासी रुख बदलने का किरदार निभाते रहे हैं। वहीं मुस्लिम मतदाताओं की तादाद भी अच्छी है, इनके मत से भी समीकरण बदलते हुए नज़र आते रहे हैं।
समस्तीपुर सांसदों की सूची
1952: सत्यनारायण सिन्हा, कांग्रेस
1971: यमुना प्रसाद मंडल, कांग्रेस
1977: कर्पूरी ठाकुर, जनता पार्टी
1980: अजीत कुमार मेहता, जनता पार्टी
1984: रामदेच राय, कांग्रेस
1989: मंजय लाल, जनता दल
1991: मंजय लाल, जनता दल
1996: अजीत कुमार मेहता, जनता दल
1998 :अजी मेहता, राजद
1999: मंजय लाल, जदयू
2004: अजीत कुमार मेहता, राजद
2009: महेश्वर हजारी, जदयू
2014: रामचन्द्र पासवान, लोजपा
2019: रामचन्द्र पासवान, लोजपा
2019: प्रिंस राज, लोजपा (उपचुनाव)












Click it and Unblock the Notifications