बिहारः अपनी जान बचाकर भाग रहे पिता को बेटे ने सरेआम लोहे की रॉड से पीट-पीटकर मार डाला
रोहतास। बिहार के रोहतास जिले के नासीरगंज थाना क्षेत्र के पडूरी गांव में जमीन के विवाद में बेटे ने अपने पिता को ही मौत के घाट उतार दिया। वहीं हत्या से पहले आरोपित बेटे ने पिता को कमरे में बंद कर जिंदा जलाने की कोशिश भी की। प्राप्त जानकारी के मुताबिक मृतक सुरेंद्र चौधरी दूसरे राज्य में जाकर मजदूरी का काम करते थे। लॉकडाउन के कारण वो घर लौट आए थे। इसी दौरान पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद शुरू हो गया, जिसमें सुरेंद्र चौधरी का बेटा मनोज चौधरी मारपीट पर उतारू हो गया।

आरोपित ने पहले अपने पिता को कमरे में बंद कर जिंदा जलाने की कोशिश की, लेकिन तब पिता आंगन की दीवार फांद कर भागने लगे। इसी दौरान मनोज ने पिता सुरेंद्र पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं इस मामले में पुलिस ने आरोपित बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक के दो बेटों में हत्यारोपित बड़ा बेटा है। पुलिस ने हमला करने वाले रॉड को भी मौके से बरामद कर लिया है।
मृतक सुरेंद्र चौधरी इस बुढ़ापे में परदेस जाकर मजदूरी करते थे। कभी हरियाणा तो कभी पंजाब में वे खेतों में मजदूरी किया करते थे। इस लॉकडाउन में किसी तरह वो अपने घर पहुंचे थे। मृतक सुरेंद्र चौधरी के दो बेटे हैं। दोनों का आपस में बंटवारा भी हो चुका है लेकिन बड़े बेटे मनोज को लगता था कि उसके पिता ने छोटे भाई को ज्यादा हिस्सा दिया, जिससे वे नाराज चल रहा था।
सनकी मनोज ने पहले मां की पिटाई करनी शुरू कर दी। इस दौरान वो अपनी जान बचाकर पति के पास पहुंच गई। पत्नी को बचाने के लिए सुरेंद्र अपने बेटे मनोज से भिड़ गए। इस दौरान उसने अपने पिता पर ही ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिये। कैसे भी करके सुरेंद्र अपनी जान बचाकर एक कमरे में छिप गए तो मनोज ने कमरे के बाहर सिलेंडर में आग लगा दी। इस दौरान सुरेंद्र अपनी जान बचाने के लिए आंगन की तरफ से भागने लगे। इसी दौरान मनोज ने अपने पिता सुरेंद्र पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया और उनकी मौके पर मौत हो गई।












Click it and Unblock the Notifications