Bihar Politics: किसकी लिखी स्क्रिप्ट पढ़ रहे नीतीश, बिहार की सियासत में आगे की प्लानिंग क्या?अंदर की बात पढ़िए
Bihar Politics: बीते 17 मार्च (2025) को हमने बिहार में एनडीए (NDA) के भविष्य की राजनीति को लेकर एक रिपोर्ट दी थी। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार (30 मार्च, 2025) को जो कुछ कहा है, उसकी भाषा और उसका टोन लगभग उसी बात की ओर इशारा कर रहा है, जिसकी संभावनाएं हम अपने पाठकों को पहले ही जता चुके हैं।
नीतीश कुमार ने पटना में कहा है कि वह इस बात को कैसे भुला सकते हैं कि उन्हें पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने ही मुख्यमंत्री बनाया था। 17 मार्च को प्रकाशित वनइंडिया की हमारी रिपोर्ट में नीतीश ने अब जो कुछ कहा है, उसका अनुमान पहले ही जाहिर किया जा चुका है।

Bihar Politics: NDA के साथ नीतीश का गठबंधन अब अटल है!
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर अपनी राजनीतिक प्रतिबद्धता को दोहराया है और इस बार उन्होंने स्पष्ट संकेत दिया है कि एनडीए के साथ उनका गठबंधन अटल है।
रविवार को पटना के बापू सभागार में आयोजित सहकारिता सम्मेलन के दौरान उन्होंने यह कहकर सियासी हलकों में हलचल मचा दी कि "हमें अटल बिहारी वाजपेयी ने मुख्यमंत्री बनाया था, हम यह कभी नहीं भूल सकते।" उनकी यह टिप्पणी सिर्फ एक बयान नहीं, बल्कि आने वाले चुनावी समीकरणों का संकेत भी है।
Bihar News: नीतीश के सुर और बिहार में तेजी से बदलते सियासी समीकरण
नीतीश कुमार ने अपनी राजनीतिक यात्रा में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं या यूं कहें कि इसके मुख्य किरदार रहे हैं। एनडीए से महागठबंधन और फिर महागठबंधन से एनडीए की वापसी उनके राजनीतिक जीवन की एक बड़ी पहचान के रूप में स्थापित हो चुकी है।
लेकिन, इस बार उन्होंने फिर एक बार साफ कर दिया कि अब वे दोबारा इधर-उधर नहीं जाएंगे। यह बयान भाजपा के शीर्ष नेतृत्व में से एक, खासकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में आया, जिससे साफ है कि दोनों पार्टियों के बीच आगामी बिहार चुनाव 2025 को लेकर एक स्पष्ट रणनीति बन रही है।
Bihar Chunav 2025: नीतीश की भावनात्मक अपील या रणनीतिक दांव?
नीतीश कुमार का अटल बिहारी वाजपेयी को याद करना सिर्फ भावनात्मक अपील नहीं, बल्कि इसके पीछे एक रणनीतिक पहलू भी हो सकता है। इससे उन्होंने भाजपा के कोर वोटर्स को यह भरोसा दिलाने की कोशिश की है कि वे गठबंधन धर्म निभाएंगे और 2025 के चुनाव में एनडीए की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत झोंकेंगे।
Bihar Elections 2025: नीतीश के बेटे निशांत की सियासी एंट्री - उत्तराधिकार की तैयारी?
हाल के दिनों में जेडीयू के अंदर यह चर्चा तेज है कि नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को सक्रिय राजनीति में लाया जा सकता है। हालांकि, अभी तक पार्टी की ओर से इसकी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि एनडीए में यह सहमति बन सकती है कि भविष्य में उन्हें कोई अहम भूमिका दी जाए।
विश्लेषकों का मानना है कि चुनावी रणनीति के तहत भाजपा और जेडीयू के बीच इस बात पर सहमति बन सकती है कि निशांत को उपमुख्यमंत्री पद दिया जाए। इससे जेडीयू के वोट बैंक को संतुष्ट किया जा सकता है और नीतीश कुमार भी सक्रिय राजनीति से सम्मानजनक संन्यास की ओर कदम बढ़ सकते हैं।
Bihar Assembly Elections: भाजपा और जेडीयू का समीकरण - 2025 चुनाव के बाद की प्लानिंग?
भाजपा के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, अगर एनडीए 2025 का बिहार विधानसभा चुनाव जीतता है, तो नीतीश कुमार कुछ समय बाद मुख्यमंत्री पद किसी भाजपा नेता को सौंप सकते हैं।
यह कदम न केवल भाजपा को मजबूत करेगा, बल्कि नीतीश कुमार को अटल बिहारी वाजपेयी के प्रति उनकी राजनीतिक निष्ठा का एहसास कराने का अवसर भी देगा। बदले में भाजपा नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को एक सशक्त भूमिका देकर जेडीयू के भविष्य को सुरक्षित करने का प्रयास कर सकती है।
Bihar Politics: क्या होगा बिहार की राजनीति का भविष्य?
- बिहार की राजनीति का यह नया समीकरण कई तरह के बदलावों की ओर इशारा कर रहा है।
- नीतीश कुमार भाजपा के साथ अपनी निष्ठा बनाए रखेंगे और अपनी राजनीतिक छवि को अब एक स्थायी विराम देंगे।
- निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री जेडीयू के भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ हो सकती है।
- भाजपा को बिहार में एनडीए का नेतृत्व हासिल करने का अवसर मिलेगा, जिससे पार्टी राज्य में अपनी पकड़ और मजबूत कर सकती है।
Bihar Politics: बिहार में नए सियासी समीकरण की लिखी जा रही है पटकथा
बिहार की राजनीति में हर कदम रणनीतिक होता है और नीतीश कुमार इस खेल के अनुभवी खिलाड़ी हैं। उन्होंने अब तक यह साबित कियाहै कि वे अपनी शर्तों पर राजनीति करते हैं।
लेकिन, 2025 के बिहार चुनाव से पहले उनका बयान और बीजेपी के साथ उनका तालमेल एक नए सियासी समीकरण की पटकथा लिख रहा है। अब यह बड़ा सवाल है कि जेडीयू और भाजपा मिलकर बिहार में कैसा राजनीतिक भविष्य गढ़ पाते हैं।












Click it and Unblock the Notifications