क्या तेजस्वी की दावेदारी को चुनौती दे रहे हैं पप्पू यादव? कांग्रेस संग बढ़ती केमिस्ट्री के क्या हैं मायनें

Bihar Election 2025: बिहार की राजनीति में हलचल मचना कोई नया काम नहीं है, लेकिन जब ये हलचल पूर्णिया से निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव करते हैं, तो बात महज सुर्खियों तक सीमित नहीं रहती - सियासी गलियारों में रणनीति से लेकर गठबंधन तक के समीकरण बदलने लगते हैं।

14 जुलाई को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से दिल्ली में मुलाकात करने के बाद पप्पू यादव ने बिहार की राजनीति में एक नया विमर्श छेड़ दिया है। इस मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया से जो कुछ कहा, वो सीधे-सीधे राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और तेजस्वी यादव के लिए न केवल एक चुनौती है, बल्कि एक स्पष्ट संदेश भी - कांग्रेस अब पिछलग्गू नहीं रहेगी।

pappu-yadav-challenging-tejashwi-yadav

कांग्रेस में पप्पू यादव की एंट्री

कांग्रेस की बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर आयोजित रणनीतिक बैठक में पप्पू यादव की मौजूदगी महज एक औपचारिकता नहीं थी। उन्हें विशेष रूप से आमंत्रित किया गया, और उनकी टिप्पणियों से स्पष्ट है कि कांग्रेस अब सीमांचल और अन्य इलाकों में पप्पू यादव जैसे जमीनी नेताओं को आगे कर एक प्रभावी विकल्प के रूप में उभरने की रणनीति बना रही है।

पप्पू यादव का बयान कि "पार्टी जो भी भूमिका देगी, उसे ईमानदारी से निभाऊंगा" संकेत करता है कि कांग्रेस उन्हें या तो किसी बड़ी ज़िम्मेदारी के लिए तैयार कर रही है, या फिर कम से कम तेजस्वी यादव के मुकाबले एक मजबूत संवाद और दबाव समूह खड़ा कर रही है।

तेजस्वी यादव पर तीखा हमला: 'अब कांग्रेस चुप नहीं रहेगी'

तेजस्वी यादव पर लगातार बयानबाजी कर रहे पप्पू यादव का एक ही मकसद दिखता है - यह बताना कि अब गठबंधन की शर्तें एकतरफा नहीं होंगी। उन्होंने राजद के सीमांचल में प्रदर्शन पर कटाक्ष करते हुए कहा, "अगर कांग्रेस नहीं होती तो कई दलों की जमानत जब्त हो जाती।" इस बयान के पीछे केवल व्यंग्य नहीं, बल्कि आगामी सीट शेयरिंग को लेकर भीगंभीर चेतावनी छिपी है।

पप्पू यादव यह बताने की कोशिश कर रहे हैं कि कांग्रेस अब 'सिर्फ समर्थन करने वाली पार्टी' नहीं, बल्कि राज्यस्तरीय नेतृत्व का दावा करने वाली ताकत है। वो बार-बार यह जता रहे हैं कि सीमांचल और अन्य इलाकों में जमीनी पकड़ और जनसरोकार की राजनीति के लिहाज से कांग्रेस की भूमिका अब कहीं अधिक प्रभावी और आवश्यक है।

'मुख्यमंत्री फेस' पर बयान: महागठबंधन को कितना नुक्सान

सबसे दिलचस्प पहलू तब आया जब पप्पू यादव ने खुद ही कांग्रेस के संभावित मुख्यमंत्री चेहरों की सूची सार्वजनिक कर दी। उन्होंने कहा, "अगर किसी की पार्टी में ढेर सारे नेता हैं तो हमारी कांग्रेस में मुख्यमंत्री बनने के लायक कई चेहरे हैं।" इसमें उन्होंने तारिक अनवर, अशोक राम और खुद का नाम भी संकेतों में जोड़ दिया।

यह बयान न केवल तेजस्वी यादव की मुख्यमंत्री दावेदारी को चुनौती देता है, बल्कि यह भी स्पष्ट करता है कि कांग्रेस अब बिहार में नेतृत्व देने की स्थिति में खुद को देख रही है। यह गठबंधन की राजनीति में कांग्रेस की वापसी के तौर पर देखा जा सकता है।

पप्पू यादव ने राहुल गांधी के साथ अपनी नजदीकी को बताते हुए कहा, "हम उनके विचारों को घर-घर पहुंचाएंगे।" यह नारा उन्हें कांग्रेस का जन नेता और जमीनी स्तर पर विचारधारा का वाहक बनाने की ओर इशारा करता है। जब पप्पू यादव कहते हैं कि "हमारे नेता राहुल गांधी हैं," तो वो न केवल कांग्रेस के प्रति अपनी निष्ठा को दोहराते हैं, बल्कि यह भी दर्शाते हैं कि कांग्रेस उन्हें एक राजनीतिक 'ब्रिज' की तरह उपयोग करना चाहती है - जो राहुल गांधी की सोच को उन इलाकों तक ले जा सके जहां कांग्रेस की पकड़ अभी कमज़ोर है।

क्या पप्पू यादव बन सकते हैं बिहार की राजनीति का ट्रंप कार्ड?

बिहार की सियासत में राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की स्थिति किसी 'फ्रीलांसर' नेता की नहीं रही। उन्होंने बार-बार यह साबित किया है कि ज़मीन से जुड़े, जनआंदोलनों से निकले नेताओं की उपयोगिता आज भी बनी हुई है। और जब ऐसे नेता कांग्रेस के पक्ष में खुलकर उतरते हैं, तो गठबंधन की रणनीति से लेकर मुख्यमंत्री के दावेदार तक - हर चीज फिर से लिखी जा सकती है।

तेजस्वी यादव और राजद के लिए यह एक गंभीर संकेत है कि अगर कांग्रेस को नजरअंदाज किया गया, तो सीमांचल और कोसी जैसे क्षेत्रों में नया नेतृत्व उभर सकता है - और उसमें पप्पू यादव का नाम सबसे ऊपर होगा।

कांग्रेस की रणनीति अब स्पष्ट है कि वो अब महज पिछलग्गू पार्टी बनकर नहीं रहना चाहती वो खुद को बराबरी का भागीदार मान रही है। ऐसे में पप्पू यादव की इस रणनीति के सबसे धारदार सिपाही के रूप में उभर रहे हैं। बिहार की सियासत अब सिर्फ लालू बनाम नीतीश या तेजस्वी बनाम मोदी की नहीं रहेगी - इसमें पप्पू यादव जैसे बिंदास और बेबाक किरदारों की भी अहम भूमिका तय मानी जा रही है।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+