बिहार पुलिस ने बेरहमी से पिटाई कर मुखिया प्रत्याशी को पहुंचाया अस्पताल, वीडियो वायरल होने पर उठे सवाल
सिवान। बिहार के सिवान से स्थानीय पुलिस के जुल्म का एक वीडियो वायरल हुआ है। कांग्रेस नेता अलका लांबा ने भी इस वीडियो को ट्वीट किया है। वीडियो में दिख रहा है कि कुछ पुलिसकर्मी एक शख्स को डंडे से बेरहमी से पीट रहे हैं। शख्स छुपने के लिए झोपड़ी के अंदर भागा लेकिन पुलिस पीछे-पीछे गई और वहां भी उसको पीटती रही। जानकारी के मुताबिक, पुलिस की मार खा रहा शख्स उस इलाके का निवर्तमान मुखिया है और इस बार हो रहे पंचायत चुनाव में वह प्रत्याशी भी था। शुक्रवार को पंचायत चुनाव के लिए मतदान हो रहा था, उसी दिन पुलिस ने पिटाई के बाद मुखिया प्रत्याशी को गिरफ्तार कर लिया था और उसे अदालत में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया था। जेल में उसकी तबीयत बिगड़ गई जिसके बाद उसको इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया।

पकड़ी पंचायत का मामला
सिवान में हसनपुरा प्रखंड के पकड़ी पंचायत का निर्वतमान मुखिया अनूप मिश्रा है। वह इस बार फिर पंचायत चुनाव के लिए खड़ा हुआ था। शुक्रवार को पंचायत चुनाव के लिए मतदान हो रहा था। उसी दिन बिहार पुलिस के जवान अनूप मिश्रा पर टूट पड़े। पुलिस की पिटाई से अनूप मिश्रा घायल हो गया। जेल ले जाए जाने के बाद उसकी हालत बिगड़ गई जिसके बाद उसको इलाज के लिए पुलिस अस्पताल ले गई। पुलिस की पिटाई में अनूप मिश्रा के शरीर में कई जगहों पर गंभीर चोटें आई हैं।

मतदान के दिन हुआ यह विवाद
मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को पकड़ी पंचायत चुनाव के लिए मतदान के दौरान मुखिया प्रत्याशी अनूप मिश्रा समेत अन्य प्रत्याशियों ने कुछ बूथों पर बोगस वोटिंग का विरोध किया। प्रत्याशियों ने चुनाव रद्द करने की मांग को लेकर प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों की भीड़ के साथ पुलिस का टकराव हो गया। भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया जिसमें एक पुलिसकर्मी को चोट लगी। इसके बाद पुलिस ने भी लाठीचार्ज कर दिया। फिर मुखिया प्रत्याशी अनूप मिश्रा को भी दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।
बचाने की गुहार लगाते रहे अनूप मिश्रा
मुखिया प्रत्याशी अनूप मिश्रा की पिटाई का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो में दिख रहा है कि अनूप मिश्रा खटिया पर लेटा है और पुलिस अपशब्द बोलते हुए उसको डंडे से मार रही है। अनूप मिश्रा अरे बाप रे बाप बोलते हुए बचने की कोशिश कर रहा है लेकिन पुलिस रहम नहीं खा रही है। पिटाई से बचने के लिए अनूप मिश्रा भागकर झोपड़ी के अंदर पहुंचा लेकिन पुलिस ने वहां घुसकर उसको मारा। पुलिसवाले वीडियो में अनूप मिश्रा को अपशब्द बोलते हुए कह रहे हैं, ले चलो इसको। इस वीडियो से बिहार पुलिस के रवैये पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस नेता अलका लांबा ने वीडियो ट्वीट कर लिखा, सोते हुए निहत्थे पर वार, पुलिस है या गुंडा राज।

पुलिस-विरोधियों की मिलीभगत: अनूप मिश्रा
अस्पताल में इलाज करा रहे अनूप मिश्रा ने कहा कि योजनाबद्ध तरीके से साजिश रचकर मुझे पीटा गया है। इसमें मेरे राजनीतिक विरोधी और पुलिस प्रशासन की मिलीभगत है। जो भी लोग वहां मौजूद हैं उनको भी ये लग रहा है कि प्लानिंग करके यह काम किया गया है। इलाज के लिए मुझे अधिकारी से आश्वासन मिला है। उन्होंने अच्छे से इलाज के लिए निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि पहले इलाज कराइए, उसके बाद जेल-बेल होता रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications