बिहार पंचायत चुनाव 2021ः 8वें चरण के लिए मतदान जारी, 3356 पदों पर निर्विरोध चुने गए हैं प्रत्याशी
पटना। बिहार पंचायत चुनाव में 8वें चरण के तहत 36 जिलों के 55 प्रखंडों के 822 पंचायतों में बुधवार की सुबह से मतदान जारी है। इस चरण के 3356 पदों पर निर्विरोध चुनाव पहले ही हो चुका है। वहीं 166 पदों पर किसी ने भी नामांकन दाखिल नहीं किया, जिसके चलते यह पद खाली रह गए। वहीं गया जिले में नक्सल संगठन भाकपा माओवादी ने तीन दिन की बंदी का ऐलान किया था। उन्होंने इसे नहीं मानने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। लेकिन बुधवार को मतदाताओं में काफी उत्साह दिख रहा है। वहीं सीतामढ़ी जिले के रीगा पंचायत में ईवीएम खराब होने से एक घंटे तक वोटिंग बाधित हो गई।
Recommended Video

राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक कुल 92 हजार 376 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चरण में कुल 66 लाख 55 हजार 233 मतदाता मतदान करेंगे। इनमें 31 लाख 52 हजार 763 महिला मतदाता जबकि 35 लाख 2 हजार 260 पुरुष मतदाता हैं। इस चरण में वोटरों के लिए कुल 11 हजार 527 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
आठवें चरण में कुल पदों की संख्या 25 हजार 561 है। इनमें ग्राम पंचायत सदस्य पद की संख्या 11 हजार 173 है। ग्राम पंचायत मुखिया के 1135 पद, पंचायत समिति सदस्य के लिए 821, जिला परिषद सदस्य के 124 पद, ग्राम कचहरी सरपंच 1135 पद और ग्राम कचहरी पंच के 11 हजार 173 पदों के लिए चुनाव होंगे। वहीं 92 हजार 376 उम्मीदवारों में से 42 हजार 803 पुरुष और 49 हजार 573 महिला उम्मीदवार शामिल हैं।












Click it and Unblock the Notifications