Bihar: पहले रोकी कार, फिर AIMIM नेता असलम मुखिया पर चलाई गोलियां, गोपालगंज में सरेआम हत्या
Bihar News: बिहार के गोपालगंज जिले में सोमवार को अज्ञात बदमाशों ने ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) नेता अब्दुल सलाम उर्फ असलम मुखिया की गोली मारकर हत्या कर दी है।
अब्दुल सलाम उर्फ असलम मुखिया AIMIM के प्रदेश सचिव और सारण प्रभारी था। इसके अलावा वे गोपालगंज मदरसा इस्लामिया के सचिव भी थे। 2022 में गोपालगंज उपचुनाव में पार्टी के उम्मीदवार रहे अब्दुल सलाम को तुरकाहा में गोली लगने के बाद सदर अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

यह दूसरी ऐसी घटना है जिसमें बिहार में एआईएमआईएम नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि अज्ञात बदमाशों ने गोपालगंज में तुरकाहा पुल के पास एनएच 531 पर अपनी कार रोकी और असलम मुखिया पर गोलियां चलाईं।
ओवैसी बोले- हमारे ही नेता क्यों निशाने पर?
AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने असलम मुखिया की हत्या को लेकर ट्विटर पर लिखा है कि, "हमारे ही नेता क्यों निशाने पर?" उन्होंने लिखा, ''गोपालगंज उपचुनाव में AIMIM के पूर्व प्रत्याशी सह प्रदेश सचिव अब्दुल सलाम असलम मुखिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। अल्लाह से दुआ करता हूं कि उनके परिवार वालों सब्र-ए-जमील अता करे। पिछले साल दिसंबर में हमारे सिवान के जिलाध्यक्ष आरिफ जमाल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। नीतीश कुमार अपनी कुर्सी-बचाओ खेल प्रतियोगिता से समय मिल जाये तो थोड़ा काम भी कर लीजिए? सिर्फ हमारे ही नेता क्यों निशाने पर हैं? क्या उनके परिवारों को इंसाफ मिलेगा?''
पिछले साल दिसंबर में सीवान जिले में एआईएमआईएम के जिला अध्यक्ष आरिफ जमाल की बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में एक आरोपी को भी पुलिस ने गिरफ्तार किया है।












Click it and Unblock the Notifications