Bihar News: परीक्षा नहीं दे पाये छात्रों ने किया हंगामा, कहा- एग्ज़ाम नहीं देने से दो साल हो जाएंगे बर्बाद
Bihar News, Student Protest In Hajipur: बिहार के हाजीपुर में एक बार फिर परीक्षा केंद्र पर छात्रों द्वारा हंगामा किया गया है। मंगलवार को हाजीपुर टाउन के उच्च माध्यमिक विद्यालय में 12वीं सेंटअप की परीक्षा दी जा रही थी। परीक्षा में कुछ छात्रों को शामिल नहीं होने दिया गया, जिसके बाद छात्रों ने परीक्षा केंद्र पर हंगामा शुरू कर दिया।
परीक्षा केंद्र पर छात्रों ने जिला प्रशासन और स्कूल प्रबंधन के ख़िलाफ़ जमकर नारेबाज़ी की, वहीं उन्होंने कोनहारा घाट रोड (हाजीपुर) के पास कर दिया। मामले की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को शांत करवाकर जाम खुलवाया।

स्थानीय लोगों की मानें तो 60 छात्रों को स्कूल ने नाम काट दिया, जिस वजह से उन्हें परीक्षा में शामिल नहीं होने दिया गया। इस बात से नाराज़ छात्रों ने परीक्षा केंद्र पर हंगामा शुरू कर दिया। वहीं स्कूल कर्मियों की मानें तो छात्रों के ग़ैर हाज़िर रहने की वजह से नाम काटा गया था। इसकी जानकारी छात्रों को परिजनों को पहले ही दी जा चुकी थी कि, बच्चे स्कूल नहीं आ रहे हैं। नाम काट दिया जाएगा।
शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश के बाद छात्रों को स्कूल से नाम काट दिया गया था। वहीं छात्रों का कहना है कि सेंटअप एग्ज़ाम नहीं देने की वजह से दो साल बर्बाद हो जाएंगे। स्कूल से गैरहाज़िर रहने पर एफिडेविट भी दिया, लेकिन परीक्षा में बैठने की इजाज़त नहीं मिली।
स्कूल से ग़ैर हाज़िर रहने के संबंध में जिलाधिकारी से भी मिलने गए थे, लेकिन वहां भी बात अनसुनी कर दी गई। शिक्षक से लेकर स्कूल के प्रिंसिपल तक को परेशानी बताई लेकिन कोई भी बात सुनने के लिए तैयार नहीं है। आपको बता दें कि बिहार शिक्षा विभाग की तरफ़ से एक पत्र जारी हुआ था, पत्र में साफ कर दिया गया था कि 75% हाज़िरी नहीं होने पर छात्रों को एग्ज़ाम में बैठने नहीं दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications