Bihar RJD-JDU Political War: ‘जिंदा लाश’ बनाम ‘बेशर्म CM’, बिहार में विपक्ष और सरकार के बीच छिड़ी सियास जंग
Bihar JDU-RJD Social Media War: बिहार की राजनीति में एक बार फिर सियासी तल्खी चरम पर पहुंच गई है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के बीच सोशल मीडिया पर शुरू हुई जंग अब खुलकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में बदल गई है।
मामला उस बयान से जुड़ा है, जिसमें विधानसभा के भीतर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को लेकर की गई टिप्पणी पर आरजेडी भड़क उठी। इसके बाद से ही विपक्ष और सत्तारूढ़ दल के बीच जुबानी जंग तेज होती चली गई।

JDU-RJD के बीच सदन से सोशल मीडिया तक पहुंचा विवाद
बताया जा रहा है कि सदन में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा राबड़ी देवी को लड़की कहे जाने पर आरजेडी नेताओं ने इसे अपमानजनक बताया। इसके बाद तेजस्वी यादव, रोहिणी आचार्य समेत कई आरजेडी नेताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स'पर मुख्यमंत्री के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
आरजेडी ने नीतीश कुमार से इस्तीफे तक की मांग कर दी। आरजेडी की ओर से किए गए एक पोस्ट में मुख्यमंत्री का नाम लिए बिना तीखा हमला किया गया। पोस्ट में लिखा गया- "जिंदा लाश कुछ समय और अगर गद्दी पर बैठा रहा तो बिहार जिंदा मुर्दा हो जाएगा। #बेशर्मCM"। इस पोस्ट के बाद सियासी माहौल और गरमा गया।
जेडीयू का करारा पलटवार
आरजेडी के इस हमले के जवाब में जेडीयू ने भी बेहद आक्रामक शब्दों में पलटवार किया। जेडीयू के सोशल मीडिया पोस्ट में कहा गया, "खुद को गलाकर, बिहार में जान फूंक दिया, नर्क से निकाल, सपनों का बिहार रच दिया। काश ऐसा 'लाश' तुम्हारा बाप भी होता, कम से कम बिहार अपना अस्तित्व तो न खोता। तुम्हारे मां-बाप तो जिंदा थे न? पर स्वार्थ की आग में उन्होंने बिहार जला दिया, खून चूसकर राज्य को जिंदा लाश बना दिया।"
जेडीयू के इस बयान ने विवाद को और तीखा बना दिया। अब यह लड़ाई सिर्फ राजनीतिक नीतियों तक सीमित नहीं रह गई, बल्कि व्यक्तिगत और पारिवारिक आरोपों तक पहुंच गई है।
बीजेपी की एंट्री से जबरदस्त ड्रामा, JDU को मिला समर्थन
जेडीयू और आरजेडी के बीच चल रही इस सियासी जंग में अब बीजेपी भी कूद पड़ी है। बिहार बीजेपी ने जेडीयू का खुलकर समर्थन किया है। पार्टी के प्रवक्ता नीरज कुमार ने आरजेडी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि आरजेडी के पास न तो कोई मुद्दा बचा है और न ही भाषा की शालीनता।
नीरज कुमार ने कहा,अगर इतनी ही ताकत है तो सदन में बहस करिए और तर्क के साथ अपनी बात रखिए। इस तरह की भाषा का प्रयोग करके बिहार की गरिमा को खराब मत कीजिए। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि सत्ता से बाहर होने के बाद आरजेडी बिहार के विकास को गाली दे रही है। बीजेपी प्रवक्ता ने कहा अपने 15 साल के शासन में इन्होंने बिहार को लूटने का काम किया और पूरे सरकारी तंत्र को निजी तंत्र की तरह इस्तेमाल किया। बेशर्म तो यही लोग हैं।
जनता के मुद्दों से भटकती बहस?
हालांकि, सोशल मीडिया पर चल रही इस तीखी बयानबाजी को लेकर आम लोगों में भी सवाल उठ रहे हैं। कई लोग यह पूछ रहे हैं कि क्या बिहार की राजनीति अब भाषा और व्यक्तिगत हमलों तक सिमट कर रह गई है, जबकि बेरोजगारी, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास जैसे मुद्दे पीछे छूटते जा रहे हैं।
फिलहाल इतना तय है कि जेडीयू और आरजेडी के बीच शुरू हुई यह सोशल मीडिया जंग जल्द थमने वाली नहीं दिख रही। आने वाले दिनों में यह सियासी टकराव और तेज हो सकता है, जिसका असर सीधे बिहार की राजनीति और चुनावी माहौल पर पड़ना तय माना जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications