बिहार की शिवांगी भारतीय नौसेना की पहली महिला पायलट बनीं, मां बोली- बेटी को पीछे हटने नहीं दिया
पटना। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले की रहने वाली बीटेक की छात्रा शिवांगी भारतीय नौसेना की पहली महिला पायलट बन गई हैं। शिवांगी ने सोमवार को पासिंग आउट परेड के बाद अपनी जिम्मेदारी संभाली। वह सब लेफ्टिनेंट हैं और कोच्चि नेवल बेस में ऑपरेशनल ड्यूटी ज्वॉइन की है। शिवांगी की कामयाबी पर उनके परिवार में जश्न का माहौल है। अड़ोसी-पड़ोसी भी उन्हें बधाईयां दे रहे हैं। शिवांगी के पिता हरिभूषण सिंह ने बेटी के ऑपरेशनल ड्यूटी ज्वॉइन किए जाने पर कहा कि मेरे लिए यह बहुत गर्व की बात है।

बेटी की कामयाबी पर यह बोले माता—पिता
बकौल हरिभूषण सिंह, ''हमारी बेटी ने एक साधारण परिवार से होने पर भी बड़ी ऊंचाई हासिल की है। मैं पेशे से शिक्षक हूं, और अब बेटी ने देश का रक्षा दायित्व संभाला है। सच में गर्व हो रहा है। वो बचपन से ही अपने चैलेंज एक्सेप्ट कर रही थी। मैं सभी अभिभावकों को कहना चाहता हूं कि बेटा हो या बेटी सभी को सपोर्ट करें। माता-पिता के रहते बेटियां बहुत कुछ कर सकती हैं।'
शिवांग की मां ने भी बेटी की नियुक्ति पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मेरी बेटी को मैंने कभी पीछे हटने नहीं दिया, हर कदम पर उसका साथ दिया।'

नेवी के डोर्नियर प्लेन उड़ाएंगी शिवांगी
बताया जा रहा है कि सब लेफ्टिनेंट शिवांगी भारतीय नौसेना के फिक्स्ड विंग डोर्नियर सर्विलांस विमानों की उड़ान के लिए तैयार हैं। वह नेवी में पहली महिला पायलट के रूप में आज कोच्चि में ऑपरेशन ड्यूटी में शामिल हुई हैं। शिवांगी के पिता बताते हैं कि शिवांगी जब बीटेक कर रही थी, तभी एक नेवी आॅफीसर उसके कॉलेज गए थे। वह नेवी से इतना प्रभावित हुई कि इस क्षेत्र में जाने का फैसला कर लिया।'

मैं हमेशा से ही उड़ना चाहती थी
शिवांगी ने कक्षा डीएवी-बखरी से 12वीं तक की पढ़ाई की। उसके बाद सिक्किम मणिपाल इंस्टिच्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से बीटेक की डिग्री ली। शिवांगी कहती हैं, "मेरी जिंदगी के लिए ये अद्भुत दिन है कि मैंने जो सपना देखा था वो पूरा हुआ। मैं हमेशा से ही उड़ना चाहती थी।"












Click it and Unblock the Notifications